- अभ्यर्थियों के लिए रेलवे ने चलाईं दो स्पेशल ट्रेनें
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रविवार को महानगर में बनाए गए 32 केंद्रों पर केंद्रीय शिक्षक अर्हता परीक्षा (सीटीईटी) हुई। पंजीकृत अभ्यर्थियों में से अस्सी फीसदी से अधिक शामिल हुए।
पहली पाली की परीक्षा सुबह साढ़े नौ से दोपहर बारह बजे तक हुई, पंजीकृत 9,673 अभ्यर्थियों में से 8,027 शामिल हुए। 1646 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो से शाम साढ़े चार बजे तक हुई, जिसमें 16,740 अभ्यर्थियों में 13,185 शामिल हुए, जबकि 3,555 परीक्षा देने नहीं पहुंचे। सीबीएसई की जिला समन्वयक प्रीति खत्री ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
अभ्यर्थियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रेलवे की ओर से झांसी से कानपुर के बीच दो स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया। सात कोचों की पहली ट्रेन दोपहर 1.55 बजे रवाना हुई, जिसमें 300 अभ्यर्थियों को भेजा गया। दूसरी गाड़ी शाम सवा छह बजे 600 अभ्यर्थियों को लेकर चली।