युवक की शादी नहीं हो रही थी। बीडा का पैसा आने की बात मालूम होने पर दोस्तों ने उसकी मुलाकात एक महिला से कराई। 2 अप्रैल को दोनों ने शादी कर ली। महिला ने खूब शॉपिंग की और मौका देखकर नगद व जेवर लेकर नौ दो ग्यारह हो गई।
रक्सा के सारमऊ गांव में 20 दिन की दुल्हन लाखों की शॉपिंग कराने के बाद अपने पति को छोड़कर भाग निकली। पति को बीडा के मुआवजे से पैसा मिला था। इसका पता चलने पर दोस्तों ने उसकी शादी कराई थी। इसके एवज में उन लोगों ने भी करीब एक लाख रुपये लिए थे। ठगी का शिकार होने के बाद उसने रक्सा थाने पहुंचकर गुहार लगाई है।
विज्ञापन
दोस्तों ने कराई थी मुलाकात
सारमऊ गांव निवासी पूरनलाल अहिरवार ने पुलिस को बताया कि उसके पिता भैया लाल को बीडा से एक एकड़ जमीन के एवज में 36 लाख रुपये मुआवजा मिला था। पिता ने सभी बेटों के बीच हिस्सा बांट दिया। पूरन के हिस्से में 6 लाख रुपये आए। पूरन शादी करना चाहता था, लेकिन उसकी शादी नहीं हो रही थी। पूरन के खाते में पैसा आने की बात मालूम चलने पर उसके दोस्तों ने उसकी मुलाकात थाना प्रेमनगर के नगरा निवासी एक महिला से कराई। महिला ने पूरन को बताया कि उसका पति उसे छोड़ चुका है। पूरन के मुताबिक 2 अप्रैल को करौंदी माता मंदिर में जयमाला डालकर उन दोनों ने शादी कर ली। महिला 20 दिनों तक उसके साथ रही।
20 दिन में हो गए तीन लाख खर्च
पूरनलाल के साथ महिला ने झांसी और ग्वालियर जाकर लाखों रुपये की शॉपिंग की। 20 दिन पूरे होने के बाद महिला गायब हो गई। पूरनलाल ने बताया कि शादी कराने के एवज में दोस्तों ने उससे एक लाख रुपये लिए थे। महिला को 50,000 रुपये नकद दिए। एक लाख रुपये के जेवर बनवाए। 50,000 रुपये की शॉपिंग भी कराई। कुल तीन लाख रुपये उसने खर्च कर दिया। थाना प्रभारी रक्सा उदय प्रताप सिंह के अनुसार शिकायत आई है। मामले की जांच कराई जा रही है।