ललितपुर और बीना के बीच करौंदा स्टेशन के पास सोमवार की सुबह लोकमान्य तिलक-सुल्तानपुर एक्सप्रेस का इंजन खराब हो गया। इससे पीछे आ रही चार ट्रेनें जहां की तहां खड़ी हो गई। ट्रेन में दूसरा इंजन लगने पर ढाई घंटे बाद बीना-झांसी डाउन ट्रैक पर यातायात शुरू हो सका।
सोमवार की सुबह दस बजे ट्रेन नंबर 12143 लोकमान्य तिलक सुलतानपुर एक्सप्रेस करौंदा स्टेशन की तरफ बढ़ रही थी, तभी उसका इंजन खराब हो गया। इससे पीछे आ रही ट्रेनें जहां की तहां खड़ी हो गई। चालक ने इंजन को दुरुस्त करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। बाद में एक मालगाड़ी का इंजन निकालकर मौके पर भेजा गया। दोपहर साढ़े बारह बजे दूसरा इंजन ट्रेन में जुड़ने के बाद यातायात सामान्य हो सका। इस मामले के कारण 22415 विशाखापटनम एसी स्पेशल एक्सप्रेस, 12651 मदुरई निजामुद्दीन एक्सप्रेस, 18237 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस और 12137 पंजाब मेल लेट हो गई। ट्रेनों के लेट होने से यात्री गर्मी से बेहाल हो गए।
पौने छह घंटे देरी से गई इंटरसिटी एक्सप्रेस
झांसी। सोमवार को झांसी से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस पौने छह घंटे देरी से रवाना हुई। ट्रेन की देरी से यात्री परेशान रहे। सौ से अधिक यात्रियों को अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ी। पिछले कई दिनों से ट्रेन की यही स्थिति बनी हुई है।
झांसी से सुबह 6.10 बजे कानपुर से होकर लखनऊ की तरफ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस दैनिक व आम यात्रियों के लिए बेहद अहम मानी जाती है। मगर, यह ट्रेन सोमवार को अपने निर्धारित समय से पौने छह घंटे देरी से रवाना हुई।
ट्रेन की देरी के कारण यात्री परेशान रहे। इस कारण सौ से अधिक यात्रियों को अपने टिकट निरस्त कराने पड़े। रेल प्रशासन को यह फैसला लखनऊ से इंटरसिटी के छह घंटे लेट सुबह पौने पांच बजे आने के कारण लेना पड़ा। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि लखनऊ सेक्शन में लाइन पर काम चलने के कारण ट्रेन लेट हो रही है। चूंकि, लखनऊ से यही रैक मेरठ कैंट तक जाता है। इस कारण इस ट्रेन का संचालन पटरी पर आने में वक्त लग रहा है।