इंजीनियरिंग कॉलेजों में शुरू होंगे वोकेशनल डिग्री कोर्स
झांसी। इस साल शुरू होने वाले नए शिक्षण सत्र से डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम तकनीकी विश्वविद्यालय (एकेटीयू) नया ‘बैचलर ऑफ वोकेशनल स्टडी’ डिग्री कोर्स शुरू करने जा रहा है। तीन साल का ये कोर्स प्रदेश के इंजीनियरिंग कॉलेजों में संचालित होगा। कोर्स पूरा होने पर विद्यार्थियों को स्नातक डिग्री दी जाएगी। इस नए कोर्स में विद्यार्थियों को उद्योगों की मांग के अनुसार तकनीकी प्रशिक्षण मिलेगा।
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम तकनीकी विश्वविद्यालय से उत्तर प्रदेश के 593 इंजीनियरिंग कॉलेज संबद्ध हैं। इनमें से 16 सरकारी और बाकी सभी निजी कॉलेज हैं। विश्वविद्यालय द्वारा अब तक इंजीनियरिंग में स्नातक और परास्नातक स्तर के कोर्स संचालित किए जाते हैं। लेकिन इस बार जुलाई में शुरू होने वाले नए सत्र से विश्वविद्यालय नया कोर्स बैचलर ऑफ वोकेशनल स्टडी (बी वॉक) शुरू करने जा रहा है। इसमें उत्तर प्रदेश राज्य प्रवेश परीक्षा (यूपीएसईई) में शामिल होने वाले इंटरमीडिएट पास विद्यार्थियों को प्रवेश का मौका मिलेगा। यूपीएसईई में नंबर कम होने की वजह से जिन छात्रों का इंजीनियरिंग में प्रवेश नहीं हो पाया है, वे बी वॉक में प्रवेश ले सकेंगे। इसकी फीस इंजीनियरिंग से काफी कम होगी। तीन वर्ष का कोर्स पूरा करने के बाद छात्रों को स्नातक की डिग्री प्रदान की जाएगी। विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव डॉ. आरके सिंह ने बताया कि बी वॉक में उद्योगों की मांग के अनुसार तकनीकी पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इसमें इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, फार्मेसी और आर्किटेक्चर से संबंधित अठारह कोर्स संचालित किए जाएंगे। इस सत्र से ये नया कोर्स इंजीनियरिंग कॉलेजों में शुरू कर दिया जाएगा।