झांसी। धौलपुर से झांसी के मध्य चौथी नई रेल लाइन डाली जाएगी। इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। अगले माह से लाइन का सर्वे शुरू हो जाएगा। इसके लिए बृहस्पतिवार को एक करोड़ तैंतीस लाख रुपये का टेंडर हो गया। इंजीनियरों की टीम 163 किलोमीटर लंबी रेल लाइन के बीच पड़ने वाले 24 स्टेशनों को ध्यान में रखते हुए सर्वे करेगी। सर्वे रिपोर्ट के बाद नई लाइन बिछाने व ब्रिज बनाने का काम शुरू होगा। इस लाइन पर सिर्फ सुपर फास्ट गाड़ियों को चलाया जाएगा।
झांसी-आगरा रेलमार्ग पर दो सौ से अधिक ट्रेनें रोजाना चलती हैं। अभी दो लाइन पर ही काम चल रहा है। तीसरी लाइन मथुरा से बीना के मध्य डाली जा रही है। यह कार्य काफी तेजी से चल रहा है। इस मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने धौलपुर से बीना तक चौथी लाइन डालने का भी निर्णय लिया। रेल बजट 2018 में इस योजना को स्वीकृति दी गई।
इसके तहत स्थानीय अफसरों ने नई रेल लाइन के सर्वे के लिए डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर बोर्ड को भेजी। इसे स्वीकृत कर लिया गया। प्रथम चरण में धौलपुर से झांसी के बीच लाइन डाली जाएगी। रेलवे बोर्ड से हरी झंडी मिलते ही बृहस्पतिवार को झांसी में एक करोड़ तैंतीस लाख रुपये में इस लाइन के सर्वे के लिए टेंडर हो गए। अगले माह से सर्वे कार्य भी शुरू हो जाएगा।
‘सर्वे कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इसमें नया ट्रैक बिछाए जाने से लेकर लेकर ब्रिज बनाने के लिए स्थान का भी चयन होगा। सर्वे के बाद जल्द ही चौथी नई रेलवे पर काम शुरू होगा।’
मनोज कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी
इन स्टेशनों के बीच होगा सर्वे
धौलपुर के बाद घेर, हेतमपुर, सिकरौदा कवारी, मुरैना, सांक, नूराबाद, बानमौर, रायरू, बिरला नगर, ग्वालियर, सिथौली, संदलपुर, आंतरी, अनंतपेठ, सिमरियाताल, डबरा, कोटरा, सोनागिर, दतिया, चिरुला, करारी व झांसी स्टेशन के मध्य सर्वे किया जाएगा। यहां रेलवे ट्रैक डाले जाने से लेकर नए पुलों को बनाए जाने के लिए स्थान देखा जाएगा, ताकि काम के समय समस्या पैदा न हो।