जलविहार से पहले दुरुस्त होगी सीपरी सर्विस रोड
- नगर निगम ने की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सीपरी बाजार ओवरब्रिज के नीचे की सर्विस लेन खस्ताहाल है। इस सड़क पर बड़े- बड़े गड्ढे हैं, जिस कारण सड़क पर दुपहिया वाहन चलाना खतरनाक साबित हो रहा है, क्योंकि जरा सा असंतुलन होने पर बाइक चालक नीचे गिर जा रहे हैं। नगर निगम की जलविहार से पहले सड़क को दुरुस्त करने की तैयारी है।
सीपरी बाजार में बन रहा ओवरब्रिज सुविधा कम समस्या अधिक बन रहा है। ओवरब्रिज के दोनों ओर बनी सर्विस रोड बरसात के कारण उखड़ गई है, जिससे जगह- जगह गड्ढे हो गए हैं। खासकर सीपरी बाजार से आवास विकास की ओर जाने वाली सड़क रतनकुआं के पास बुरी तरह से उखड़ गई है। गहरे गड्ढे हो गए हैं। गड्ढे भरने के लिए मिट्टी तो डाली गई, लेकिन बिना इंजीनियरों की देखरेख में मिट्टी डालने से सड़क पर कई जगह मिट्टी जम गई। जब भी पानी बरसता है तो सड़क पर मिट्टी से कीचड़ हो जाता है। गड्ढों में पानी भर जाता है। इस कारण बाइक सवारों को समझ में ही नहीं आता है कि गड्ढा कितना गहरा है। बाइक सवार गड्ढों में फंसकर गिर जा रहे हैं।
महापौर रामतीर्थ सिंघल ने नगर निगम के अधिकारियों से सड़क को दुरुस्त कराने को कहा। अपर नगर आयुक्त रोहन सिंह ने बताया कि सड़कें जल विहार से पहले दुरुस्त करा दी जाएंगी।
पहूज और लक्ष्मीताल पर रहेंगे गोताखोर
गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान कोई अनहोनी न हो जाए, इसलिए पहूज नदी पर अबकी बार गोताखोर तैनात किए जाएंगे। लक्ष्मीताल पर गोताखोर रहते हैं, लेकिन पहूज का पानी बढ़ने की वजह से ऐसा किया जा रहा है।
पहूज किनारे कुंड बनवाएंगे
उपसभापति दिनेश प्रताप सिंह ने सुझाव दिया कि लक्ष्मीताल के किनारे जिस तरह से प्रतिमाओं के विसर्जन कि लिए चौपड़ा (कुंड) बना है, उसी तरह का कुंड पहूज नदी के किनारे बनवाया जाए, ताकि नदी के पानी को प्रदूषण से बचाया जा सके। महापौर ने इसे अच्छा सुझाव बताते हुए कहा कि अगले साल से प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए कुंड बनवाया जाएगा।