नगर निगम ने दीवारों पर एक से बढ़कर एक चित्रकारी कराकर शहर की सुंदरता में चार चंाद लगा दिए पर प्रचार के चक्कर में इन दीवारों को कुरूप बनाने का काम किया जा रहा है। इस पर महापौर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए नोटिस जारी करने के आदेश दिए हैं।
महापौर रामतीर्थ सिंघल ने बताया कि शहर के कई क्षेत्रों में दीवारों पर चित्रकारी कराई गई है। लेकिन, उन दीवारों पर कोचिंग संचालक और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालक पोस्टर और पंपलेट चिपकाकर उनकी सुंदरता को खत्म कर रहे हैं। दूसरी ओर सीपरी बाजार में बन रहे ओवरब्रिज के पिलरों पर भी कई प्रकार के पंपलेट और पोस्टर लगाए गए हैं जो नियम विरुद्ध हैं।
उन्होंने नगर निगम के विज्ञापन विभाग को निर्देश दिए हैं कि महानगर में सर्वे कराकर ऐसी एजेंसियों को नोटिस दिया जाए तथा उनसे क्षतिपूर्ति ली जाए। साथ ही समस्त एजेंसियों को चेतावनी दी कि अगर प्रचार प्रचार सामग्री चस्पा कर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने विधिवत प्रचार प्रसार के लिए नगर निगम से अनुमति लेने की अपील की।