गर्मियों में नहीं जाएगी बिजली
झांसी। बिजली विभाग ने गर्मियों में 24 घंटे बिजली देने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। बिजली न जाए इसके लिए एक सबस्टेशन को दूसरे सबस्टेशन की हाइटेंशन लाइन से जोड़ा जा रहा है। ऐसे में यदि किसी भी सबस्टेशन की हाइटेंशन लाइन में फाल्ट आता है तो दूसरी लाइन को जोड़कर आपूर्ति को तुरंत सामान्य कर लिया जाएगा। शुरूआत में महानगर के सभी 15 सबस्टेशनों में 12 में दो जगह से हाइटेंशन लाइन से आपूर्ति की व्यवस्था की जा रही है। 10 अप्रैल तक इस काम के पूरा होने की उम्मीद है।
महानगर में मुन्नालाल, जेल चौराहा, रानीमहल, सीपरी बाजार खालसा, प्रेमनगर, नंदनपुरा, गल्लामंडी, हंसारी, बिजौली, ग्रोथ सेंटर, मेडिकल कॉलेज, सूती मिल, हाइडिल, गल्लामंडी सेकेंड और उनाव गेट पंचवटी सबस्टेशन बने हैं। इन सबस्टेशनों से 1.04 लाख उपभोक्ता जुड़े हैं। अभी बड़ागांव के दुनारा स्थित ट्रांसमिशन सबस्टेशन से निकली अगल-अलग हाइटेंशन लाइन से मेडिकल, सूती मिल व उनाव गेट पंचवटी सब स्टेशन जुड़े हैं। साथ ही हंसारी ट्रांसमिशन सबस्टेशन से निकली हाइटेंशन लाइनों से बाकी सबस्टेशन जुड़े हैं। हाइटेंशन लाइन से सबस्टेशन पर करंट पहुंचने के बाद ही आगे करंट घर-घर पहुंचता है। हाइटेंशन लाइन में फाल्ट आने पर संबंधित सबस्टेशन से जुड़े क्षेत्रों की बिजली दो से तीन घंटे तक गुल रहना सामान्य बात है। इतना ही नहीं मुन्नालाल सबस्टेशन की लाइन में फाल्ट आने पर तो आपूर्ति को सामान्य होने में तीन घंटे से अधिक समय लग जाता है। गर्मी में हाइटेंशन लाइन में फाल्ट न आने के कारण बिजली गुल न हो, इसके लिए विभाग सभी सबस्टेशनों तक एक-दूसरे से जोड़ने की व्यवस्था कर रहा है, ताकि नियमित हाइटेंशन लाइन में फाल्ट आने पर दूसरे सबस्टेशन की मदद से वैकल्पिक रूप से सप्लाई को तुरंत चालू कर लिया जाए। हालांकि इस योजना में प्रेमनगर, खातीबाबा और पुलिया नंबर नौ सबस्टेशन शामिल नहीं हैं।
हर सबस्टेशन पर डबल हाइटेंशन लाइन की व्यवस्था पर काम शुरू कर दिया गया है। 10 अप्रैल तक इस काम को पूरा करने का लक्ष्य है। दूसरे चरण में प्रेमनगर, नंदनपुरा और पुलिया नंबर नौ को जोड़ने का काम होगा। - गौरव कुमार, प्रभारी अधीक्षण अभियंता।
मुन्नालाल को दो जगह से मिलने लगी बिजली
मुन्नालाल सब स्टेशन सबसे पुराना बिजली घर है। इससे घनी आबादी वाले क्षेत्रों के अलावा वीआईपी इलाके, सर्किट हाउस, विकास भवन, डीएम समेत कई अफसरों के बंगले और तीन पानी की टंकियां जुड़ी हैं। शहर की बड़ी आबादी को यहीं से बिजली मिलती है। अभी हंसारी से आने वाली हाइटेंशन विद्युत लाइन पुलिया नंबर नौ, प्रेमनगर आदि क्षेत्रों और जंगल से 21.5 किलोमीटर की दूरी तय कर मुन्नालाल सब स्टेशन तक पहुंचती है। 60 साल पुरानी लाइन के तार जर्जर हो चुके हैं। ऐसे में लाइन में फॉल्ट आने पर उसे तलाशने में चार से छह घंटे लग जाते हैं मगर अब मुन्नालाल को हाइडिल कॉलोनी में बने नए सबस्टेशन से जोड़ दिया गया है।
इतनी रहती है मांग
--------------
सबस्टेशन का नाम सामान्य दिनों में गर्मियों में
हंसारी (झांसी) 130 मेगावाट 150 से 160 मेगावाट
दुनारा (बड़ागांव) 100 मेगावाट 120 से 130 मेगावाट
मोंठ 60 मेगावाट 65 से 70 मेगावाट
गुरसराय 40 मेगावाट 45 से 55 मेगावाट
मऊरानीपुर 40 मेगावाट 50 से 55 मेगावाट