हेलमेट लगाने वालों को दिया गुलाब, न लगाने वालों को दी सीख
झांसी। राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत महाविद्यालयों में विविध कार्यक्रम आयोजित हुए। राजकीय महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने कचहरी चौराहे पर सड़क सुरक्षा के तहत अभियान चलाया और हेलमेट पहनने वालों को फूल और न पहनने वालों को जागरूक किया।
कार्यक्रम की शुरूआत शिविर स्थल पर श्रमदान से की। उसके बाद यातायात एवं सड़क सुरक्षा पर जागरूकता रैली निकाली। कचहरी चौराहे पर दोपहिया वाहन चलाने वालों को हेलमेट पहनने की अपील की गई। छात्राओं ने बताया कि हेलमेट न पहनने से दुर्घटना के समय सिर में आने वाली चोटों से जान तक जा सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, मोबाइल पर बात न करने, बाइक पर तीन सवारी न बैठाने की भी अपील की। तो दूसरी ओर हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाने वालों को गुलाब देकर उन्हें सम्मानित किया गया।
बौद्धिक सत्र में नागारिक सुरक्षा संगठन के डिवीजनल वार्डन भूपेंद्र पाल खत्री ने यातायात और सड़क सुरक्षा विषय पर व्याख्यान दिया। इस मौके पर डॉ. अनुपमा अग्रवाल ने सभी स्वयंसेविकाओं को यातायात नियमों का पालन करने की अपील करने के साथ ही शपथ दिलाई। इस मौके पर डॉ. जितेंद्र प्रताप, डॉ. कमलेश कुमार, डॉ. अजू लता मौजूद रहीं।
बीकेडी के एनएसएस का शिविर का समापन हंसारी स्थित जिज्ञासा इंटर कॉलेज में हुआ। समापन अवसर पर समाज शास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष जितेंद्र तिवारी ने वर्तमान में राष्ट में उत्पन्न विषम परिस्थितियों पर प्रकाश डाला। स्वयंसेवियों को राष्ट्र के प्रति सकारात्मक सहयोग के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम अधिकारी अमित शुक्ल ने सात दिवसीय विशेष शिविर की प्रगति आख्या प्रस्तुत की। इस अवसर पर प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर डॉ. शिव प्रकाश त्रिपाठी, सुधीर कुमार, डॉ. नरेंद्र प्रताप गुप्ता, डॉ. उमेश यादव, रोबिन सिंह, मुकेश शर्मा मौजूद रहे।