दूरंतो का इंजन ने छोड़ा साथ
- अनंतपेठ और आंतरी स्टेशन के बीच सवा घंटे खड़ी रही ट्रेन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। निजामुद्दीन से सिकंदराबाद जाने वाली दूरंतो एक्सप्रेस का इंजन अनंतपेठ और आंतरी स्टेशनों के बीच अलग हो गया। इससे अप ट्रैक का यातायात सवा घंटे तक थमा रहा। इससे राजधानी एक्सप्रेस समेत पांच ट्रेनें लेट हो गई। यात्री परेशान रहे।
शुक्रवार की रात दूरंतो एक्सप्रेस ग्वालियर से झांसी की तरफ आ रही थी, तभी अनंतपेठ और आंतरी स्टेशन के बीच कपलिंग ढीली (इंजन और बोगी को जोड़ने वाला लोहे का रॉड) होने पर ट्रेन से इंजन अलग हो गया। इससे इंजन आगे निकल गया और बोगियां पीछे ही रह गई। इस घटना से अप ट्रैक का यातायात ठप पड़ गया। दूरंतो एक्सप्रेस के पीछे दौड़ रही राजधानी एक्सप्रेस, नवयुग एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस, महाकौशल एक्सप्रेस अलग- अलग स्टेशनों पर खड़ी हो गई। इधर, इंजन को दोबारा पीछे लाकर बोगियों से जोड़ा गया, तब कहीं जाकर ट्रेन आगे बढ़ सकी। इस काम में सवा घंटे का वक्त लग गया। बाद में दूरंतो एक्सप्रेस को डबरा स्टेशन पर खड़ा करके दोबारा कपलिंग की जांच की गई।
महीने की दूसरी घटना
पिछले दिनों हजरत निजामुद्दीन से तिरुपति जाने वाली एपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस भी संदलपुर और सिथौली स्टेशन के बीच दो भागों में बंट गई थी। इससे एक घंटे तक अप ट्रैक बाधित रहा था। दरअसल, ग्वालियर सेक्शन के आंतरी से डबरा स्टेशन के बीच का ट्रैक हाईस्पीड के लायक नहीं है। इस दूरी में 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन चलाने पर गाड़ी उछलने का अहसास होता है। इससे कपलिंग या कप्लर के अलग होने का डर बना रहा है। पिछले साल कुछ चालकों ने ड्राइवर ऑब्जरबेशन रजिस्ट्रर में भी इस बात का जिक्र किया था। इस दूरी में मिट्टी ट्रैक से मजबूती से चिपकी नहीं है। इस कारण हाईस्पीड से ट्रेन चलाने पर ट्रेन के उछलकर चलने का अहसास होता है। अगर, इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी ट्राली की जगह इंजन पर चढ़कर इस ट्रैक का निरीक्षण करें तो वह इस बात का पता लगा सकते है।