युवाओं के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार का मौका
अब तक झांसी के किसी भी व्यक्ति या संघ को नहीं मिला यह सम्मान
युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने 15 सितंबर तक मांगे हैं 25 श्रेणियों में आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय की ओर से 25 श्रेणियों में राष्ट्रीय युवा पुरस्कार दिया जाएगा। इसके लिए 15 सितंबर तक आवेदन मांगे गए हैं। झांसी के किसी भी व्यक्ति या संघ को यह सम्मान नहीं मिला है।
स्वयंसेवकों और स्वयंसेवी संघों या फिर सामाजिक सेवा में योगदान देने वालों का प्रोत्साहित करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से हर साल स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर राष्ट्रीय युवा पुरस्कार दिया जाता है। इसमें स्वास्थ्य, संस्कृति, कला और साहित्य, पर्यटन, खेल आदि में बिना किसी स्वार्थ के योगदान देने वाले व्यक्ति और समूह को पुरस्कृत किया जाता है। 25 श्रेणी में मिलने वाले इस पुरस्कार में दस अवार्ड युवा संस्थाओं के लिए होंगे। प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष के ही प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे तथा सरकारी संस्थानों में कार्यरत युवा इसमें हिस्सा नहीं ले सकेंगे। इतना ही नहीं इसमें केवल वही संस्था ही भाग ले सकेंगी जो नॉन प्रोफिट (बिना फायदे) के अपना योगदान समाज में दे रही हैं।
छह सदस्यीय स्क्रीनिंग कमेटी प्रतियोगियों की छंटनी करेगी। उसके बाद आठ सदस्यीय सिलेक्शन कमेटी स्क्रीनिंग कमेटी की ओर से दी गई सूची का सत्यापन करेगी, जिसके बाद प्रतिभागियों की घोषणा की जाएगी। व्यक्तिगत अवार्ड जीतने वाले को मेडल व सर्टिफिकेट के साथ 50 हजार रुपये का नकद ईनाम, स्वयंसेवी संस्था को मेडल, प्रमाण पत्र के साथ ही दो लाख रुपये की नकद राशि मिलेगी। स्वयं सहायता समूह को प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए रजिस्टर्ड होना अनिवार्य है तथा लगभग तीन साल से क्षेत्र में योगदान दे रहे हैं, यह भी अनिवार्य है। प्रतियोगी mygov.in पर लॉगइन कर जानकारी के साथ-साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
नेहरू युवा केंद्र के 352 यूथ क्लब
जिले में नेहरू युवा केंद्र के 352 यूथ क्लब सक्रिय हैं। इसके अलावा कई स्वयंसेवक भी अपनी सेवाएं लोगों के लिए दे रहे हैं। इस संस्था के लोग और समूह हर साल राष्ट्रीय युवा पुरस्कार के लिए आवेदन करते हैं।
अब तक झांसी में किसी भी स्वयंसेवक या स्वयंसेवी संघ को राष्ट्रीय युवा पुरस्कार नहीं मिला है। इस बार झांसी को पुरस्कार मिले, इसके लिए पूरी तैयारियों के साथ प्रविष्टि जमा कराई जाएगी।
नागेंद्र पाल सिंह
जिला समन्वयक, नेहरू युवा केंद्र