ट्रैक पर मिला आरपीएफ कर्मी के पुत्र का शव
- परिजनोें ने जताई हत्या की आशंका, रात में खाना खाकर निकला था घर से
अमर उजाल ब्यूरो
झांसी। पुलिया नंबर नौ स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास पटरियों पर कानपुर स्टेशन पर तैनात एएसआई महेंद्र प्रताप के पुत्र रोहित का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
थाना प्रेमनगर स्थित नौ नंबर निवासी महेंद्र प्रताप कानपुर रेलवे स्टेशन पर एएसआई के पद पर कार्यरत हैं। बुधवार की रात उनका पुत्र रोहित (23) खाना खाकर घर से निकला था, इसके बाद वह लौटकर नहीं आया। रात में परिजन भी खाना खाकर सो गए। सुबह रोहित को नदारद देखकर परिजन अभी खोजबीन में जुटे थे। इसी बीच प्रेमनगर पुलिस से रोहित का शव पुलिया नंबर नौ के पास रेलवे लाईन पर पड़े होने की सूचना मिली। सूचना पाकर परिजन भी पहुंच गए, जहां मृतक का सिर पटरियों पर रखा था। गनीमत रही कि उस दौरान कोई ट्रेन नहीं गुजरी। शव लूट लाइन पर होने की वजह से शव सुरक्षित रहा। परिजनों का आरोप है कि हत्या कर शव पटरियों पर रखा गया है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।