प्याज 22 और टमाटर 42 रुपये किलो
सब हेड: रियायती दरों पर सवा चार क्विंटल की बिक्री हुई
क्रासर
मंडी कार्यालय के बाहर खोला गया अलग काउंटर
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
मंडी में प्याज और टमाटर की बुधवार से रियायती दरों पर बिक्री शुरू कर दी गई है। इसके लिए मंडी कार्यालय के बाहर अलग से काउंटर लगाया गया है। पहले दिन तीन क्विंटल प्याज और सवा क्विंटल प्याज बेची गई। प्याज 22 और टमाटर 42 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचे गए।
प्याज और टमाटर की कीमतें आम आदमी की पहुंच से दूर बनी हुई हैं। फुटकर में प्याज 30-40 रुपये प्रति किलो और टमाटर 50-60 रुपये प्रति किलो की दर से बेचे जा रहे हैं। पिछले एक सप्ताह के दरम्यान आई नरमी के बाद की यह स्थिति है। लोगों को महंगी सब्जी से निजात दिलाने के लिए सरकार ने कदम उठाया है। मंडी परिषद को रियायती दरों पर टमाटर-प्याज बेचने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके तहत बुधवार को मंडी कार्यालय के बाहर अलग से काउंटर लगाया गया। प्रति व्यक्ति अधिकतम दो किलो प्याज और एक किलो टमाटर बेचे गए। पहले दिन अच्छी संख्या में ग्राहक रियायती सब्जी लेने पहुंचे।
मंडी परिषद के सचिव मनीष सिंह ने बताया कि कीमतें नियंत्रित होने तक काउंटर से रियायती दरों पर प्याज और टमाटर की बिक्री जारी रहेगी। यह प्याज और टमाटर थोक कारोबारियों से उनकी खरीद की कीमत पर लिए गए हैं। लोग अपने साथ थैला लेकर आएं, क्योंकि पॉलिथीन नहीं दी जा रही है।
मौसम के मिजाज से बिगड़ा हाल
मौसम की मार की वजह से प्याज और टमाटरों की कीमतों में इजाफा हुआ है। पहले कम बारिश की वजह से फसलें प्रभावित हुई थीं, इसके बाद जैसे-तैसे फसल पकी, तो सितंबर के आखिरी में तीन दिन तक हुई लगातार बारिश ने नुकसान पहुंचाया था। उत्पादन में कमी की वजह से आवक भी घटी हुई है। हालांकि, उम्मीद है कि जल्द ही शिवपुरी और नासिक से पर्याप्त मात्रा में प्याज, टमाटरों की आवक शुरू हो जाएगी, जिससे दाम नियंत्रित होंगे।