-----------
अंतिम दिन भाजपा प्रत्याशी ने किया नामांकन
- चार अन्य प्रत्याशियों ने भी भरा पर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
शुक्रवार को नामांकन के अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी के महापौर प्रत्याशी रामतीर्थ सिंघल ने नामांकन किया। कांग्रेस के प्रदीप जैन ‘आदित्य’ ने एक और पर्चा भरा। परिवर्तन समाज पार्टी के हरीशंकर जिजौरिया, निर्दलीय पवन सिंह यादव, रामकिशन व सुनील कुमार लाहौरिया ने पर्चा दाखिल किया। प्रत्याशियों ने गाजे-बाजे के साथ जुलूस भी निकाला।
भाजपा के महापौर प्रत्याशी का नामांकन जुलूस मुक्ताकाशी मंच से शुरू हुआ। यहां से जुलूस पुरानी तहसील, खंडेराव गेट, आशिक चौराहा होते हुए नामांकन स्थल बुंदेलखंड महाविद्यालय पहुंचा। रास्ते में जगह-जगह उनका स्वागत हुआ। बीकेडी के स्वर्ण जयंती सभागार में उन्होंने तीन सेट में नामांकन भरा। उनके प्रस्तावक विधायक रवि शर्मा, निवर्तमान महापौर किरन वर्मा व महानगर अध्यक्ष प्रदीप सरावगी रहे। इस मौके पर विधायक राजीव सिंह पारीछा, जिलाध्यक्ष संजय दुबे व संजीव श्रृंगीऋषि मौजूद रहे।
परिवर्तन समाज पार्टी के हरीशंकर जिजौरिया ने नामांकन किया। उनके प्रस्तावक कमल किशोर रहे। इनके अलावा पवन सिंह यादव, रामकिशन और सुनील कुमार लाहौरिया ने नामांकन किया। कुछ देर बाद कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी प्रदीप जैन आदित्य ने नामांकन का एक और सेट जमा किया। उनके साथ शहर अध्यक्ष नरेश बिल्हाटिया, भुवनेश्वर प्रसाद मौजूद रहे।
बॉक्स
रामतीर्थ हैं करोड़पति
रामतीर्थ सिंघल ने संपत्ति के ब्योरे में खुद के पास नकद 1,22,596 रुपये, पत्नी के पास 1,05,730 रुपये बताए हैं। इनके पास सारंध्रा नगर में प्लाट 10 लाख रुपये, हंसारी में मकान 60 लाख रुपये और गुसाईंपुरा में मकान एक करोड़ रुपये का है। सोना ढाई सौ ग्राम और पत्नी के नाम सोना 250 ग्राम है। बिजौली में कृषि भूमि एक करोड़ रुपये कीमत की है। अरबन बैंक से 1.80 लाख रुपये और सेंट्रल बैंक आफ इंडिया से बीस हजार रुपये का ऋण है। इनके पास रायफल है। एक कार, म्यूचुअल फंड में 1.64 लाख रुपये एलआईसी व बचत पालिसियां 2.45 लाख रुपये की व एफडीआर 1.89 लाख रुपये की हैं। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से एमकाम पास हैं।