विकल्प भरिये और पाइये सीट
- रेलवे ने लागू की नई व्यवस्था
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
रेल यात्रा करने वालों के लिए अच्छी खबर है। आरक्षण चार्ट बनने के बाद भी सीट के कंफर्म न होने पर अब यात्री को उसी टिकट पर दूसरी ट्रेन में बर्थ मिल सकती है। बशर्ते वह टिकट बनवाते समय दूसरी ट्रेन में अपग्रेड के कॉलम के ‘विकल्प’ में हां भर दे। रेलवे ने यह नई व्यवस्था मंगलवार से लागू भी कर दी है। चूंकि, अभी इस विकल्प के साथ नए आरक्षण फार्म नहीं आए हैं। इस कारण आरक्षण कर्मी यात्री की सहमति पर कंप्यूटर में ‘हां’ और ‘न’ भर रहे हैं।
अभी तक यात्री को सीट कंफर्म न होने पर अपना टिकट निरस्त कराना पड़ता है, या बिना सीट के ही मजबूरन में यात्रा करनी पड़ती है। उसे उम्मीद होती है कि शायद रास्ते में बर्थ खाली होने पर टीटीई उनको सीट एलाट कर दे। मगर, रेलवे ने मंगलवार से यात्रियों की सुविधा के लिए एक नई व्यवस्था लागू कर दी है। इसमें आरक्षण कराते समय यात्री से विकल्प मांगा जा रहा है कि अगर संबंधित ट्रेन में उसकी सीट कंफर्म नहीं हुई, तो एक या दो घंटे के अंतराल में जाने वाली दूसरी ट्रेन में उनका टिकट कंफर्म हो सकता है। बशर्ते दूसरी ट्रेन में बर्थ खाली हो। जैसे कि एक यात्री ने झांसी से दिल्ली जाने के लिए रात 8.30 बजे जाने वाली पठानकोट एक्सप्रेस में रिजर्वेशन कराया। टिकट वेटिंग में था। चार्ट बनने पर भी टिकट कंफर्म नहीं हुआ। अगर, यात्री ने दूसरी ट्रेन में टिकट कंफर्म होने की सुविधा मांग रखी है, तो उसे एक से डेढ़ घंटे बाद जाने वाली सदर्न एक्सप्रेस या मालवा एक्सप्रेस में सीट खाली होने पर उसमें बर्थ मिल जाएगी। साथ ही इस बात का पता पठानकोट एक्सप्रेस का चार्ट बनने के पहले ही हो जाएगा। दूसरी ट्रेन में अगर टिकट कंफर्म हो गया है, तो उसका मैसेज मोबाइल पर आ जाएगा। अगर नहीं हुआ, तो यात्री समय पर अपना रिफंड भी ले सकता है।
‘दूसरी ट्रेन में बर्थ खाली होने पर टिकट अपग्रेड होने की सुविधा शुरू कर दी गई है। यात्री इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं।’
मनोज कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी।