-----
श्रीराम संग भारत माता के लगाए जयकारे
सब हेड: शिक्षामित्रों ने कलक्ट्रेट में किया प्रदर्शन, सिटी मजिस्ट्रेट को दिया ज्ञापन
क्रासर
शिक्षा भवन में भी तिरंगा लहराया, राष्ट्रगान भी गाया
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
शिक्षामित्रों का आंदोलन शुक्रवार को भी जारी रहा। उन्होंने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जय श्रीराम और भारत माता की जय के जयकारे भी लगाए। इससे पूर्व शिक्षा भवन में भी तिरंगा फहराकर राष्ट्रगान भी गाया।
संयुक्त समायोजित शिक्षक-शिक्षा मित्र संघर्ष मोर्चा के बैनर तले शिक्षामित्र पैदल मार्च करते हुए शिक्षा भवन से कलक्ट्रेट पहुंचे और तिरंगा लहराते हुए यहां राष्ट्रगान किया। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट चंद्रपाल तिवारी को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन शिक्षामित्रों ने दिया, जिसमें मांग की कि नया अध्यादेश आने तक शिक्षामित्रों को समान कार्य का समान वेतन दिया जाए। इसके अलावा सरकार नया अध्यादेश लाए, जिससे प्रदेश के 1.70 लाख शिक्षामित्र सहायक अध्यापक पद पर बने रहे। वक्ताओं ने कहा कि सभी शिक्षामित्र स्नातक और बीटीसी योग्यता रखते हैं।
ज्ञापन देने के बाद शिक्षामित्र नारेबाजी करते हुए वापस शिक्षा भवन में पहुंचे। इससे पूर्व बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष डा. बाबूलाल तिवारी, महामंत्री दिनेश भार्गव ने शिक्षा भवन पहुंच कर धरना दे रहे शिक्षामित्रों का साथ देने की बात कही। इस अवसर पर अजेंद्र प्रताप यादव, सुगर सिंह, बृजेश सिंह राय, शीलेंद्र यादव, गोविंद सिंह, राकेश नामदेव, अनिल कौशिक, संजीव कुमार, पंकज वर्मा, विष्णु दत्त आदि मौजूद रहे।