कोहरे में सुरक्षित ट्रेनों के संचालन के लिए रेलवे बोर्ड ने झांसी मंडल को 572 एंटी फॉग डिवाइस दी हैं। इनमें से 175 डिवाइस ट्रेनों में लगा दी गई हैं। बाकी ट्रेनों में भी एक सप्ताह में यह डिवाइस लगा दी जाएंगी। इससे कोहरे में ट्रेनों के संचालन पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। ट्रेनें अपनी रफ्तार से चल सकेंगी।
रेलवे के अनुसार रोजाना झांसी मंडल से तीन सौ से अधिक ट्रेनें निकलती हैं। इनमें से शताब्दी एक्सप्रेस, पंजाब मेल, सदर्न एक्सप्रेस, जीटी एक्सप्रेस, तमिलनाडु-यूपी संपर्क क्रांति, दादर अमृतसर एक्सप्रेस समेत रात में निकलने वालीं 175 ट्रेनो में यह डिवाइस लगा दी गई हैं। यह डिवाइस ट्रेन चालकों को कोहरे में क्रॉसिंग और सिग्नल की जानकारी देंगी।
डिवाइस में यह फीड कर दिया जाता है कि कितनी दूरी पर कौन सी क्रॉसिंग है, कितनी दूरी पर सिग्नल है। क्रॉसिंग या सिग्नल से करीब पांच सौ मीटर पहले डिवाइस लोको पायलट को सतर्क कर देगी। ऐसे में दृश्यता कम होने पर चालक सावधान हो जाएगा और विवेक से काम लेगा। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि चालक इंजन में इसको लगाकर सुरक्षित ट्रेनों का संचालन करेंगे। इससे कोहरे में किसी भी प्रकार के हादसे का डर नहीं रहेगा।