अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में कटे होंठ, कटे तालू की सर्जरी कराने के लिए 172 बच्चों का पंजीकरण हुआ। इन सभी बच्चों की जरूरी जांच भी की गई। एक-दो दिन में सभी बच्चों की सर्जरी होने लगेगी।
मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन स्माइल, इंगा हेल्थ फाउंडेशन, वीरांगना फाउंडेशन और सांसद अनुराग शर्मा के प्रयास से बुंदेलखंड के कटे होंठ, कटे तालू की समस्या से पीड़ित बच्चों के नि:शुल्क ऑपरेशन किए जाने हैं। इसके लिए भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, जापान, ब्राजील, घाना समेत 12 देशों के 32 डॉक्टर आ रहे हैं। सोमवार को कई चिकित्सक झांसी पहुंच गए। सीएमएस डॉ. सचिन माहुर ने बताया कि पांच से 13 फरवरी तक चलने वाले शिविर के पहले दिन 172 बच्चों का पंजीकरण हुआ। इन सभी की जांच भी कराई गई है। मंगलवार को भी बच्चों का पंजीकरण होगा। इसके बाद एक-दो दिन में बच्चों की नि:शुल्क सर्जरी शुरू होना शुरू हो जाएंगी।