बबीना में 78 करोड़ में बन रहा सबस्टेशन
झांसी। बबीना में 220 केवीए सबस्टेशन का निर्माण शुरू हो गया है। सबस्टेशन को बनने में 78 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके बनने के बाद हंसारी ट्रांसमिशन सबस्टेशन का भार कम हो जाएगा। इससे झांसी महानगर को और बेहतर बिजली मिलने लगेगी।
अभी झांसी-ललितपुर मार्ग पर स्थित कस्बों और गांवों को हंसारी ट्रांसमिशन सबस्टेशन से बिजली दी जाती है। ओवर लोडिंग की स्थिति बनने पर बिजली काटनी पड़ती है। इससे संबंधित क्षेत्रों में अंधेरा पसर जाता है। इस समस्या को दूर करने के लिए विभाग बबीना में 220 केवीए का एक नया ट्रांसमिशन सबस्टेशन बनाया जा रहा है। इस सबस्टेशन को पारीछा थर्मल पावर प्लांट से जुड़े दुनारा ट्रांसमिशन सबस्टेशन और ललितपुर स्थित बजाज पावर प्लांट के सर्किट से जोड़ा जाएगा। इससे लाभ हो जाएगा कि अगर एक सर्किट में कोई फाल्ट है तो तुरंत दूसरे से सप्लाई को लिया जाएगा। इस सबस्टेशन के बनने से बबीना और आसपास के सभी क्षेत्रों की सप्लाई बेहतर हो जाएगी और हंसारी ट्रांसमिशन सबस्टेशन पर भी लोड कम हो जाएगा।
अधिशासी अभियंता ट्रांसमिशन संदीप कुशवाहा ने बताया कि सुकुवां-ढुकुवां मार्ग पर चिह्नित की गई जगह पर सबस्टेशन की बाउंड्रीवाल बनना शुरू हो गई है। 18 महीने में सबस्टेशन बनकर तैयार हो जाएगा।