झांसी। जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर एमबीबीएस डॉक्टरों की नियुक्ति के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 30 चिकित्सकों की भर्ती निकाली थी। लेकिन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में केवल 17 अभ्यर्थियों ने ही साक्षात्कार दिया। जिला अस्पताल में इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर, ब्लड बैंक में मेडिकल ऑफिसर, हेल्थ वेलनेस सेंटर पर हेल्थ ऑफिसर, मेडिकल कॉलेज के क्षय रोग विभाग में हेल्थ ऑफिसर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर एमबीबीएस चिकित्सक के 30 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बीते दिनों आवेदन मांगें थे। आवेदन मिलने के बाद सीएमओ कार्यालय में अभ्यर्थियों के साक्षात्कार हुए। इनमें 17 एमबीबीएस डॉक्टर ही इंटरव्यू देने पहुंचे। इसके चलते एक बार फिर चिकित्सकों के पद खाली रह गए हैं। सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने बताया कि मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल सहित विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर तीस एमबीबीएस चिकित्सकों की नियुक्तियां निकाली थीं। इनमें से साक्षात्कार के लिए 17 चिकित्सक आए हैं। संवाद