रविदास जयंती मनाने पर काटा बवाल, मारपीट
ललितपुर। शहर कोतवाली अंतर्गत पटसेमरा गांव में रविदास जयंती मना रहे दलितों के साथ मारपीट करने और घर में घुसकर तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर 20 नामजद व 20 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पटसेमरा गांव निवासी गनपतलाल अहिरवार पुत्र हरिया अहिरवार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वे लोग 19 फरवरी को गांव में संत रविदास की जयंती मना रहे थे। इसी दौरान गांव के गोपाल सिंह पुत्र भगत सिंह आए और जयंती मनाने का विरोध करने लगे। इसके साथ ही कहा कि यदि जयंती मनाओगे तो गांव में नहीं रहने देंगे। इस पर पीड़ित ने बात को नजरअंदाज कर दिया। इस बात से नाराज होकर 20 फरवरी की रात करीब नौ बजे गोपाल सिंह अपने साथ सत्येंद्र सिंह, मोंटी पुत्र गोपाल सिंह, सक्षम सिंह पुत्र मलखान सिंह, मलखान सिंह पुत्र भगवत सिंह, घनश्याम सिंह पुत्र प्रतिपाल सिंह, कोमल सिंह पुत्र सूरज सिंह, जगदीश सिंह पुत्र उदयवीर सिंह, आनंद सिंह पुत्र प्रजापाल सिंह, अमन सिंह पुत्र प्रजापाल, प्रहलाद सिंह पुत्र देशराज सिंह, बृजेंद्र सिंह पुत्र देशराज सिंह, महीप सिंह पुत्र सूरज सिंह, नीरज सिंह पुत्र घनश्याम सिंह, धीरज सिंह पुत्र घनश्याम, अंशु पुत्र रामराजा सिंह, संतोष सिंह पुत्र कुम्मेर सिंह, भूरे पुत्र हरनाम सिंह, जशवंत सिंह पुत्र दर्शन सिंह, शिवकांत सिंह पुत्र भगवान सिंह व दस से बीस अज्ञात लोग एकराय होकर हाथों में लाठी-डंडा, फरसा, कुल्हाड़ी और तमंचा लेकर गनपतलाल अहिरवार के घर आ गए और जाति सूचक शब्दों से अपमानित करते हुए जयंती मनाने के बारे में विरोध करने लगे। इसके साथ ही आरोपियों ने घर के बाहर लगा मीटर तोड़ दिया, इससे डरकर पीड़ित घर के अंदर घुस गया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित के घर का दरवाजा तोड़कर गनपतलाल को घर से घसीटकर बाहर निकाल लिया। इसके साथ ही रामभरत पुत्र रामदयाल, रामदयाल पुत्र खरगे को बाहर खींचकर मारपीट शुरू कर दी। इससे गनपत के कान में चोट, पन्नालाल के हाथ में चोट, रामदयाल पुत्र खरगे के पैर में चोट आई। मुहल्लेवासियों ने घटना देखी, लेकिन आरोपियों की भीड़ देखकर जान बचाकर भाग गए। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ितों के घरों में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान गनपत के घर में रखी बाइक, दरवाजा व बिजली का मीटर तोड़ दिया और मुहल्ले में घूमघूम कर पीड़ितों के बिजली के मीटर तोड़ डाले। पीड़ितों की सूचना पर पहुंची पुलिस को देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़ितों ने बताया कि आरोपियों में कुछ लोग शातिर किस्म के हैं जो हत्या व लूटपाट जैसी घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।