झांसी। जिले में कोरोना की रफ्तार थम नहीं रही है। पिछले 48 घंटे में 16 और लोग इसकी चपेट में आ गए हैं। झांसी में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या अब बढ़कर 64 हो गई है।
जब-जब कोविड जांच बढ़ी है, तब-तब संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। सोमवार को जिले में कोरोना के 332 सैंपलों की जांच की गई। इसमें प्रेमगंज की 40 साल की महिला, 42 साल की अस्पताल की नर्स, घुराट का 40 वर्षीय युवक, तालपुरा का 45 वर्ष का पुरुष, मोंठ की 16 वर्षीय किशोरी व 40 साल का युवक, राजेंद्र नगर कॉलोनी का 30 साल और सिविल लाइन का 40 वर्षीय युवक शामिल है।
वहीं, मंगलवार को कोविड के 347 सैंपल जांचे गए। इनमें टोड़ी फतेहपुर की 30 साल की युवती, बुढ़ावली की 35 वर्षीय महिला, संगम विहार का 59 साल का पुरुष, गुरसराय का 21 वर्षीय युवक, खातीबाबा की किशोरी व हंसारी का युवक समेत नगरा में दो मरीज मिले हैं। अब झांसी में कोरोना के सक्रिय मरीज 64 हो गए हैं। सभी मरीजों को सामान्य खांसी, जुकाम और बुखार के लक्षण होने की वजह से अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी है। यह सभी होम क्वारंटीन हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कोरोना पॉजिटिव मिलने वाले मरीजों के परिजनों और संपर्क में आने वालों की जांच कराई जाएगी।