बिजली कनेक्शन कटने से बदहाल हुए पार्क
झांसी। शहर के चार पार्क बिजली कनेक्शन कटने से बदहाल स्थिति में हैं। अपर नगर आयुक्त ने पार्कों के बिजली कनेक्शन जोड़ने व देखरेख का जिम्मा पशु चिकित्साधिकारी को सौंपने के निर्देश दिए हैं।
एक टेलिकॉम कंपनी ने शहर में फाइबर केबल बिछाने के एवज में चार पार्कों का निर्माण कराने का करार नगर निगम से किया था। कंपनी की तरफ से पार्कों को हरा भरा बनाने के साथ ही बच्चों के खेलने के साथ अन्य व्यवस्थाएं की थीं। लेकिन, आज स्थिति यह है कि शिवाजी नगर, सीपरी बाजार में हीरोज फील्ड के बगल से साहनी विहार कॉलोनी के पार्क व तांत्या टोपे पार्क बदहाल स्थिति में हैं। इसका कारण पार्कों का बिजली कनेक्शन कट जाना है।
पार्षद महेश गौतम ने बताया कि नगर निगम के इंजीनियरों सेे साहनी विहार में स्थिति पार्क का बिजली कनेक्शन काटे जाने के संबंध में कई बार शिकायत की पर मामले को गंभीरता से नहीं लिया। कारण आज पार्क बदहाल स्थिति में है। बिजली न होने से पानी नहीं पहुंच रहा है। इससे पेड़-पौधों से लेकर घास तक सूख चुकी है। प्रकाश का भी अभाव है। इस पर अपर नगर आयुक्त ने तत्काल पार्कों का बिजली कनेक्शन जोड़ने के साथ ही पशु चिकित्साधिकारी डॉ. वीके निरंजन को पार्कों की देखरेख करने का जिम्मा सौंपा है।
बता दें कि पार्क का बिजली का कनेक्शन काटे जाने की जानकारी नगर निगम के इंजीनियरों को थी क्योंकि उनका कहना था कि बिल की अदायगी नहीं की गई। माना जा रहा था कि प्राइवेट कंपनी ही बिजली बिल का भुगतान करेगी लेकिन जब करार की फाइल खंगाली गई तो पाया कि बिल देने की जिम्मेदारी नगर निगम की है।