किसान ने फंदे पर लटक कर दी जान
ललितपुर/ बांसी। बांसी चौकी अंतर्गत कस्बा के एक मुहल्ला में किसान ने अपने ही घर में बल्ली के सहारे कपड़े से फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बांसी के नई बस्ती तालाबपुरा निवासी किसान कमल रैकवार (65) पुत्र हिरऊ बृहस्पतिवार की रात को खाना खाकर घर में सो गए।
काफी देर तक बिजली नहीं आने पर करीब दस बजे उनकी पत्नी रामलली ने पति कमल को आवाज लगाई, लेकिन कोई उत्तर नहीं मिलने पर लैंप की रोशनी करके देखा तो पति फांसी पर लटकता मिला, जिससे वह चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर मुहल्ले के लोग एकत्रित हो गए और डबरा में रहने वाले उसके पुत्रों को इसकी जानकारी दी, फिर पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
किसान कमल रैकवार अपने कच्चे घर में लकड़ी के जिस ठाट से लटका मिला, उस ठाट की ऊंचाई इतनी कम है कि मृतक को सीधा खड़ा कर दिया जाए तो ठाट सिर से लग जाएगा। मृतक और उसकी पत्नी इसी घर में रहते हैं। मृतक के दोनों पुत्र बाहर रहते हैं। उधर, मृतक के बड़े पुत्र राकेश रैकवार ने पिताकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना पुलिस थाना जखौरा को दी है। इस पर थानाध्यक्ष जखौरा बृषभान राजपूत ने मौके पर जाकर जांच की।