बीयू छात्र को मिला 18 लाख का पैकेज
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान में बीटेक कंप्यूटर विज्ञान के छात्र को एक ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी से 18 लाख रुपये का ऑफर मिला है। शुक्रवार को कुलपति प्रो. जेवी वैशम्पायन ने बीटेक कंप्यूटर विज्ञान चतुर्थ वर्ष के छात्र शिवम त्रिपाठी को कंपनी की ओर से दिया गया नियुक्ति पत्र दिया।
कुलपति ने छात्र को बधाई देते हुए कहा कि बीयू के छात्रों को कैंपस प्लेसमेंट के जरिए इस प्रकार का नियुक्त पत्र मिलना संस्थान, विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए गौरव की बात है। यह छात्रों और शिक्षकों के समन्वित प्रयास का परिणाम है। कुलपति ने आशा जताई कि विश्वविद्यालय के सभी शिक्षक आगे भी इसी समर्पण भावना से कार्य करते रहेंगे, जिससे विश्वविद्यालय की छवि में निरंतर सुधार होगा। गौरतलब है कि कंपनी की ओर से अप्रैल में देश में एक ऑनलाइन लिखित परीक्षा कराई गई थी, जिसमें विश्वविद्यालय के विभिन्नि विभागों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया था। लिखित परीक्षा के बाद कंपनी ने दिल्ली में लिए गए दो चरणों के साक्षात्कार के बाद शिवम त्रिपाठी का चयन हुआ है। यह विश्वविद्यालय में कैंपस प्लेसमेंट द्वारा प्राप्त उच्चतम ऑफर है। इस दौरान कुलसचिव नारायण प्रसाद, प्रो. शिवकुमार कटियार मौजूद रहे।
300 से ज्यादा चयनित
प्लेसमेंट सेल समन्वयक प्रो. प्रतीक अग्रवाल ने बताया कि बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में अप्रैल से शुरू हुए कैंपस प्लेसमेंट अभियान के तहत अलग-अलग विभागों के लगभग 300 छात्र-छात्राएं विभिन्न कंपनियों में चयनित हुए हैं। इन चयनित विद्यार्थियों को तीन से छह लाख के नियुक्ति पत्र दिए गए हैं।