अब झांसी से काशी तक चलेंगी रोडवेज की एसी बसें
झांसी। यात्रियों की मांग पर रोडवेज जल्द ही बनारस के लिए झांसी से एयर कंडीशनर बस सेवा शुरू करने जा रहा है। मुख्यालय ने झांसी परिक्षेत्र को तीन जनरथ एसी बसें दी हैं, जो बनारस जाएंगी। अभी तक बनारस के लिए दो सामान्य बसें ही चल रहीं हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संसदीय सीट और बाबा विश्वनाथ की नगरी बनारस में बुंदेलखंड के हजारों लोग ट्रेन तथा अन्य संसाधनों से प्रतिदिन जाते हैं। रोडवेज की सामान्य बसें भी इन यात्रियों से खचाखच भरी रहती है। श्रद्धालुओं और यात्रियों को बनारस जाने के लिए परिवहन व्यवस्था और सुगम हो, इसके लिए झांसी रोडवेज ने तीन एसी बसें बनारस रूट पर चलाने का प्रस्ताव बनाया था, जो उरई, कानपुर से होते हुए जाएंगी। रोडवेज के सहायक प्रबंधक राम लवट ने बताया कि वर्तमान में चार एसी बसें कानपुर व लखनऊ रूट पर झांसी से संचालित हैं। मुख्यालय ने तीन और एसी बसें आवंटित की हैं, जो अब बनारस तक चलेंगी। इनका किराया और संचालन का समय निर्धारित किया जा रहा है। संभावना है कि एक सप्ताह में यह बसें चलनी शुरू हो जाएंगी। अभी तक बनारस के लिए दो सामान्य बसें चल रही हैं।