गरीबों को मुफ्त में मिलेगी सरकारी नौकरियों की कोचिंग
झांसी। सोमवार को हाफिज सिद्दीकी नेशनल इंटर कालेज में समाजसेवी संस्था भारतीय मुस्लिम महासभा ने सामान्य ज्ञान परीक्षा का आयोजन किया। जिसमें तीन सौ छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। चयनित छात्र-छात्राओं को मुफ्त में रेलवे, एसएससी, बैंक, पुलिस व अन्य नौकरियों की कोचिंग दी जाएगी। जिससे की काबिल छात्र-छात्राओं को पढ़ाई में आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
इस मौके पर संस्था के केंद्रीय उपाध्यक्ष शमीम खान ने बताया कि निर्धन परिवारों के होशियार व काबिल छात्र-छात्राएं आर्थिक परेशानी के चलते सरकारी नौकरियों से वंचित रह जाते हैं। जिससे परिवार में हमेशा ही आर्थिक तंगी बनी रहती है। ऐसे विद्यार्थियों के लिए संस्था ने परीक्षा आयोजित की है। परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले छात्र-छात्राओं को संस्था के द्वारा विशेषज्ञ शिक्षकों से मुफ्त में कोचिंग कराई जाएगी। जिससे की वे सरकारी नौकरियों को हासिल कर सकें। शहर के विभिन्न हिस्सों में कोचिंग कक्षाओं को लगाया जाएगा। जिससे की दूर-दराज के क्षेत्रों से कोचिंग आने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। जिसका पूरा खर्च संस्था के द्वारा वहन होगा।