कार से टकराकर एक की मौत, पुत्र व पौत्र घायल
ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत गल्ला मंडी के आगे 66 केवी विद्युत सब स्टेशन के सामने शादी समारोह से घर लौट रहे बाइक पर सवार तीन लोगों को एक कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में पिता की मौत हो गई, जबकि बेटा ही हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया। टक्कर मारकर भागने के दौरान कार चालक ने रास्ते में कई स्थानों पर टक्कर मारी, लेकिन खुद को घिरा पाकर वह कार छोड़कर भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना बार अंतर्गत ग्राम कारीटोरन निवासी दयाराम (70) पुत्र लक्ष्मीनारायण पाठक शनिवार को परिवार में ही शादी समारोह में शामिल होने के लिए ललितपुर स्थित एक गार्डन में आए थे। शादी में शामिल होने के बाद वह अपने पुत्र जगदीश पाठक(48) एवं पौत्र (नाती) देव के साथ बाइक पर सवार होकर रात करीब नौ बजे गांव लौट रहे थे। अभी वह गल्ला मंडी के आगे 66 केवी विद्युत सब स्टेशन के सामने ही पहुंचे थे कि तेज रफ्तार से आ रही एक वैगनआर कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे तीनों पिता, पुत्र व नाती गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख पुकार सुनकर कुछ राहगीरों ने घायलों को उठाया और जिला अस्पताल इलाज के लिए पहुंचाया। जबकि, कुछ लोगों ने तेज रफ्तार कार का पीछा किया, जिस पर कार चालक ने भागने के दौरान गल्ला मंडी के पीछे हाइवे और कैलगुवां तिराहा पर कई लोगों के वाहनों में टक्कर मारी। हालांकि, बाद में वह कार छोड़कर भाग खड़ा हुआ।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को जब्त कर कोतवाली में रखवा दिया। वहीं, जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद वृद्ध दयाराम और उनकें पुत्र जीगदीश की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें झांसी रेफर कर दिया गया। झांसी ले जाते समय दयाराम की रास्ते में मौत हो गई। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि, पुत्र का इलाज झांसी और नाती देव का इलाज ललितपुर में चल रहा है।