बस स्टैंड पर प्यास बुझाने के लिए लगवाए तीन प्याऊ
झांसी। कानपुर मार्ग स्थित अंतर्राज्यीय बस स्टैंड पर यात्री सुविधाओं को लेकर अमर उजाला ने सात मई (शुक्रवार) के अंक में ‘पांच रुपये में बिक रहा है एक लोटा पानी’ खबर प्रकाशित की थी। मामला संज्ञान में लेने के बाद वहां पर यात्रियों की प्यास बुझाने के लिए नगर निगम ने तीन प्याऊ लगवाए हैं।
बस स्टैंड पर गर्मियों में न तो हैंडपंप है और न ही अन्य व्यवस्थाएं, जिससे दूरदराज से आने-जाने वाले राहगीर भीषण गर्मी में अपनी प्यास बुझा सकें। यहां तक की नगर निगम की तरफ से लगाए गए प्याऊ की व्यवस्था नहीं थी। बावजूद, जिम्मेदारों का कहना था कि वहां पर प्याऊ की व्यवस्था है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद अब वहां तीन अतिरिक्त प्याऊ की व्यवस्था की गई है।
बस स्टैंड पर रोडवेज स्टैंड पर आमने-सामने दो प्याऊ तथा एक प्याऊ मऊरानीपुर स्टैंड की ओर लगवाया गया है। इन प्याऊ के लगने के बाद से पांच रुपये में एक लोटा पानी बेचने वालों की मनमानी पर भी ब्रेक लग जाएगा लेकिन दूसरी ओर अतिक्रमण, सफाई व्यवस्था और यात्री शेड को लेकर अब भी कोई कदम नगर निगम की तरफ से नहीं उठाया गया है। जबकि, अतिक्रमण हटाने को लेकर मंडलायुक्त से लेकर डीएम तक अधिकारियों को चेता चुके हैं।
बस स्टैंड पर यात्रियों की सुविधा के लिए तीन प्याऊ लगवा दिए गए हैं। ताकि, लोग गर्मियों में अपनी प्यास बुझा सकें। - एसके ओझा, जेई