बेतवा विहार में बनेंगे 104 फ्लैट
झांसी। महानगर के बेतवा विहार में जेडीए 104 फ्लैटों को बनाएगा। फ्लैटों को चार मंजिला इमारतों में बनाया जाएगा। इसके अलावा बेतवा विहार कॉलोनी में पानी, बिजली व सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को भी उपलब्ध कराया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया के पूरा होते ही निर्माण कार्य को शुरू कर दिया जाएगा। एक साल में निर्माण कार्य को पूरा कर आवंटन किया जाएगा।
झांसी विकास प्राधिकरण ने लगभग डेढ़ दशक पहले बालाजी मार्ग स्थित ग्राम बूढ़ा में 38.71 हेक्टेयर जमीन पर बेतवा विहार को विकसित किया था। इस जमीन पर 914 भूखंडों को आवंटित किया था। आवंटन होने के बाद भूखंडों की रजिस्ट्रियां भी कर दी गई थीं। लेकिन, पानी, बिजली व सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव होने के कारण लोगों ने निर्माण कराने में रुचि नही दिखाई थी, जिससे इलाके में निर्माण के नाम पर गिने चुने मकानों का ही निर्माण हो सका था। अधिकांश प्लाट खाली पड़े थे। अब जल्द ही बेतवा विहार के दिन बहुरने वाले हैं। झांसी विकास प्राधिकरण ने इलाके में पानी की आपूर्ति करने के लिए जलसंस्थान को चार करोड़ पचहत्तर लाख रुपये दिये हैं। इससे बेतवा विहार में पानी की आपूर्ति सूचारू रूप से हो सकेगी। वहीं बिजली विभाग द्वारा बिजली की लाइन को डाला जा रहा है व आंतरिक सड़कों का भी निर्माण जारी है।
जेडीए ने बेतवा विहार की खाली पड़ी 20,240 वर्ग मीटर जमीन पर चार मंजिला इमारतों को बनाने का निर्णय लिया है। जिसमें फ्लैटों का निर्माण कराया जाएगा। शुरूआत में 104 फ्लैटों का निर्माण कराया जा रहा है। फ्लैटों का निर्माण ए व बी श्रेणियों में होगा। ए श्रेणी में टूबीएचके व बी श्रेणी में थ्री बीएचके के फ्लैट होंगे। टूबीएचके फ्लैट में दो कमरे, शौचालय, बरामदा होगा व थ्री बीएचके के फ्लैटों में तीन कमरे, शौचालय, बरामदा होगा।
जेडीए उपाध्यक्ष सर्वेश कुमार ने बताया कि बेतवा विहार को भव्य लुक दिया जा रहा है। सभी मूलभूत सुविधाओं को जल्द ही मुहैया कराया जाएगा। इलाके में चार मंजिला इमारतों में फ्लैटों का निर्माण कराने के लिए टेंडर प्रकिया को शुरू कर दिया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य को शुरू कर दिया जाएगा। निर्माण कार्य एक साल के भीतर पूरा होगा। बताया कि फ्लैटों को आवंटन के लिए आवेदन मांगे गये है। अधिक आवेदन आने पर संख्या को बढ़ाया जाएगा।