कैमरे की नजर में होगा शहर, चप्पे-चप्पे की रहेगी खबर
झांसी। जल्द ही महानगर का चप्पा-चप्पा कैमरे की निगरानी में होगा। स्मार्ट सिटी के तहत इस कार्य को मंजूरी मिल गई है। सुरक्षा के लिहाज से चौराहों, बाजारों सहित कई व्यस्त इलाकों में कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा अन्य छह अन्य कामों को भी नगर निगम में स्मार्ट सिटी को लेकर हुई बैठक में मंजूरी दे दी गई है। इसके तहत सरकारी भवनों और 14 विद्यालय भवनों पर सोलर सिस्टम, सरकारी भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्लांट, 9.85 किलोमीटर की स्मार्ट सड़क बनाई जाएगी। यही नहीं, जीआईसी और जीजीआईसी स्मार्ट स्कूल होंगे। छह स्कूलों में 20 स्मार्ट क्लासेज होंगी। कुल मिलाकर 294 करोड़ के सात कार्यों को मंजूरी मिल गई है। जल्द ही सभी की निविदाएं जारी होंगी।
नगर निगम परिसर में स्मार्ट सिटी मिशन की ग्यारहवीं बैठक में शहर की सुरक्षा एवं ट्रैफिक व्यवस्था को हाइटेक बनाने के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाने के लिए मंजूरी दे दी गई है। इस योजना पर 146 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसकी मदद से शहर में सीसीटीवी कैमरा, ट्रैफिक सिग्नल एवं इंडीकेटर्स लगाए जाएंगे। इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आइसीसीसी) का निर्माण नगर निगम में कराया जाएगा, जिसमें एक वीडियो डाटा रूम, नियंत्रण कक्ष आदि का निर्माण होगा।
योजना के तहत सीसीटीवी के जरिये क्राइम से जुड़ी गतिविधि, ट्रैफिक सिस्टम, एलईडी, फायर, लाइट सहित विधि व्यवस्था से जुड़ी सभी बिंदुओं पर नजर रखी जाएगी। इससे शहर की ट्रैफिक व सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। जल संकट वाले क्षेत्रों में टैंकर से पानी की आपूर्ति पर भी नजर रखी जा सकेगी। कंट्रोल एंड कमांड सेंटर में एक साथ कई एलईडी स्क्रीन होंगी, जहां से शहर की हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। साथ ही सारी व्यवस्थाओं को कंट्रोल किया जा सकेगा। इस मौके पर कमिश्नर कुमुद लता श्रीवास्तव, डीएम शिवसहाय अवस्थी, डीआईजी सुभाष सिंह बघेल, एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, नोडल अधिकारी एके शर्मा मौजूद रहे।
महानगर में 89 कैमरे लगेंगे
स्मार्ट सिटी के तहत महानगर के प्रमुख स्थानों पर 54 कैमरों को लगाने की योजना थी पर डीआईजी सुभाष सिंह बघेल ने सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील इलाकों के साथ ही भीड़ वाले इलाकों में भी कैमरे लगाने का सुझाव दिया। कमेटी ने सुझाव को पारित करते हुए कैमरों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब महानगर में 89 कैमरे लगाए जाएंगे।
जनता को ये फायदा मिलेगा
- किसी भी घटना, दुर्घटना और आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सकेगी।
- जन सुविधा वालेे डायल 100, एंबुलेंस 108, निगम कचरा वाहन, पब्लिक ट्रांसपोर्ट से जुड़े वाहनों की लोकेशन पर कमांड रहेगी। साथ ही एक जगह से निर्देश दिए जा सकेंगे।
- सार्वजनिक स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से लाइव देखा जा सकेगा।
- शहर में ट्रैफिक जाम, सार्वजनिक आयोजन, रैली या भीड़ जमा होने पर त्वरित अलर्ट जारी हो सकेंगे।
- जिम्मेदार अमले को नियंत्रण के लिए मौके की स्थिति तुरंत भेजी जा सकेगी।
- स्मार्ट सिटी की सेवाओं की सही समय निगरानी होगी।
दो पिंक टॉयलेट का होगा लोकार्पण
शहर में महिलाओं के लिए सात स्थानों पर पिंक टॉयलेट का निर्माण किया जाना है। इनमें से बीकेडी और बस स्टैंड के पास का काम अंतिम दौर में है। इसी सप्ताह दोनों का लोकार्पण होगा। जबकि, सीपरी बाजार और जिला महिला अस्पताल के सामने भी तेजी से निर्माण कार्य जारी हैं। इनके अलावा तीन और पिंक टॉयलेट बनाए जाने हैं, जिनके अभी स्थान तय नहीं हैं। इन टॉयलेट की सफाई व निगरानी का काम महिला कर्मचारी ही करेंगी। टॉयलेट दो इंडियन व दो वेस्टर्न होंगी। साथ ही दिव्यांग महिलाओं के लिए अलग से व्यवस्था होगी। इसके अलावा टॉयलेट में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन लगेगी। बेबी फीडिंग चैंबर अलग से बनाया जाएगा। साथ ही टॉयलेट में आरओ पानी की भी व्यवस्था होगी।