पूरे दमखम से चुनाव लड़ रही एनसीआरईएस
झांसी। नॉर्थ सेंट्रल रेलवे इंप्लाइज संघ ने 26 जून को होने वाले ईसीसी सोसायटी के चुनाव के लिए मंडल के सभी क्षेत्रों से प्रत्याशी खड़े किए हैं। इसमें झांसी से 18, ग्वालियर से पांच, बांदा से तीन, कारखाने से सात, कोच फैक्ट्री से एक व मानिकपुर से एक प्रत्याशी मैदान में हैं।
बृहस्पतिवार को संघ कार्यालय पर पत्रकारों को यह जानकारी देते हुए मंडल सचिव वीजी गौतम ने कहा कि संघ का पैनल जीतने (उगता सूरज) पर ऋण आवेदन प्रक्रिया का सरलीकरण किया जाएगा। प्रथम बार आवेदन पर पांच फार्मों की बाध्यता समाप्त की जाएगी। वेतन खाता होने पर वेतन का पांच गुना ऋण बिना जमानत पर देने का प्रावधान होगा। रोड साइड स्टेशनों के लिए मोबाइल एटीएम वैन की व्यवस्था होगी। ऋण पर ब्याज की गणना में वर्तमान पद्धति को समाप्त किया जाएगा। मकान निर्माण के लिए बैंकों की तरह ऋण दिए जाने की व्यवस्था होगी। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष रामकुमार सिंह, वीके सिंह, नीलम सिंह, टीपी सिंह, अरुण गुप्ता, सुरेश राय, मोहम्मद उमर खान, सुरेश राय, भानु प्रताप चंदेल, महेंद्र सेन मौजूद रहे।
मालूम हो कि, ईसीसी सोसायटी का विस्तार तीन जोन के नौ मंडलों में हैं। इनमें मध्य रेलवे के सभी, पश्चिम रेलवे के जबलपुर, भोपाल व उत्तर मध्य रेलवे के झांसी व आगरा मंडल शामिल हैं। हर मंडल से चुने गए प्रतिनिधि अपने डायरेक्टर का चुनाव करते हैं।