कोचिंग सेंटरों में नहीं मिले सुरक्षा के इंतजाम
झांसी। सूरत में हुए हादसे के बाद सक्रिय हुए झांसी विकास प्राधिकरण द्वारा धड़ाधड़ कोचिंग सेंटरों की जांच की जा रही है। जांच में सुरक्षा के समुचित इंतजाम न पाए जाने पर आठ कोचिंग सेंटरों को नोटिस जारी किए गए हैं। पंद्रह दिन में सभी सेंटरों से जवाब मांगा गया है।
गुजरात के सूरत के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से कई बच्चों की जान चली गई थी। इसके बाद झांसी में भी कोचिंग सेंटरों की पड़ताल शुरू कर दी गई थी। उच्च शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग के साथ-साथ झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) भी सक्रिय हो गया था। जेडीए उपाध्यक्ष सर्वेश कुमार ने कोचिंगों की जांच के लिए अवर अभियंताओं के नेतृत्व में आधा दर्जन टीमों का गठन किया था। टीमों की ओर से जांच रिपोर्ट दी जाने लगी हैं। शहर की आठ कोचिंग सेंटरों में सुरक्षा समुचित इंतजाम नहीं पाए गए हैं। किसी में मानक के अनुरूप सीढ़ी नहीं मिली तो किसी कोचिंग में प्रवेश और निकास का रास्ता एक ही पाया गया। इसके अलावा अग्निशमन उपकरणों का भी पर्याप्त इंतजाम नहीं पाया गया।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सर्वेश कुमार ने बताया कि उक्त कमियों पर अल्फा कोचिंग क्लासेस, पैशन अकादमी, अल्डाइन सीए कोचिंग संस्थान, एपीटी कंप्यूटर संस्थान, जैन क्लासेस, द फ्यूचर फ्रेमर्स, आकाश कोचिंग और इंपैक्ट कोचिंग को नोटिस जारी किया गया। इनसे पंद्रह दिन में जवाब मांगा गया है।