साठगांठ से हो रही विद्युत कटौती
झांसी। जनपद में बिजली अधिकारी व अवर अभियंताओं की साठगांठ से लोगों को अघोषित कटौती का सामना करना पड़ रहा है। विधायक राजीव सिंह पारीछा ने यह आरोप ऊर्जा मंत्री को दिए पत्र में लगाया।
पत्र में बताया गया कि झांसी जनपद में बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता व लाइनमैन की साठगांठ से उपभोक्ताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है। शासन द्वारा घोषित के अतिरिक्त कटौती की जा रही है। विद्युत फाल्ट और खराब ट्रांसफार्मरों को बदलने में काफी समय लिया जा रहा है। इस भीषण गर्मी में बिजली कटौती से आम जनमानस परेशान हो रहा है। यहां के अधिकारी व कर्मचारियों की कार्यशैली को संज्ञान में लेकर उसमें सुधार होना चाहिए।
वस्तु एवं सेवा कर पर दो दिवसीय कार्यशाला शुरू
झांसी। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट ऑफ इंडिया के तत्वावधान में शनिवार से होटल नटराज सरोवर पोर्टिको में वस्तु एवं सेवा कर वार्षिक विवरणी एवं ऑडिट पर दो दिवसीय कार्यशाला शुरू हो गई।
इस मौके पर गाजियाबाद से आए सीए मनोज गोयल ने वस्तु एवं सेवा कर में आए संशोधनों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि बिल्डर्स को कुल खरीद की 80 प्रतिशत सामग्री पंजीकृत व्यापारियों से ही लेनी होगी अन्यथा की स्थिति में 18 प्रतिशत की दर से रिवर्स चार्ज में टैक्स जमा करना होगा। बरेली से आए सीए कपिल वैश्य ने जीएसटीआर- 9 यानी वार्षिक विवरणी के बारे में बताया। वार्षिक विवरणी दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 जून है। अध्यक्षता शिवा लिखधारी ने की। कार्यशाला में प्रशांत भार्गव, गौरव गुप्ता, पंकज गर्ग, धर्मेंद्र गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, विकास ओसवाल, स्नेहा मेघाणी, प्रियांशु अग्रवाल, रोहित जायसवाल, अमित गर्ग, उत्सव मोदी, नम्रता मंगल, गौरव अग्रवाल, सीके ख्यानी मौजूद रहे। संचालन राशि अग्रवाल व आभार सागर अत्री ने व्यक्त किया।