जून में और बढ़ेगा पारा
झांसी। जून में और अधिक गर्मी लोगों को झेलनी पड़ेगी। जून की शुरूआत होते ही अधिकतम व न्यूनतम तापमान में और बढ़ोतरी हो जाएगी। अगले सप्ताह अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाएगा। इससे सूरज के तेवर और तल्ख हो जाएंगे।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार एक जून को अधिकतम तापमान 45 व न्यूनतम 33, दो जून को अधिकतम पारा 46 व न्यूनतम 32, तीन व चार जून को अधिकतम तापमान 46 व न्यूनतम 33, पांच व छह जून को अधिकतम पारा 46 व न्यूनतम 32 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हालांकि, शनिवार, रविवार, मंगलवार, बुधवार को हल्के बादल छा सकते हैं। मगर इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा। कुछ देर के लिए थोड़ी राहत जरूर मिल सकती है।
31 मई को पिछले सालों का तापमान
वर्ष अधिकतम न्यूनतम
2014 46 33
2015 44 30
2016 39 28
2017 40 29
2018 42 32
डॉक्टरों की सलाह, धूप से बचकर रहें
गर्मी बढ़ने के साथ ही बीमारियां भी तेजी से फैलने लगी हैं। इन दिनों लोग हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, डायरिया, फूड प्वॉइजनिंग का शिकार हो रहे हैं। सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में इन बीमारियों के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। चिकित्सक भी लोगों को धूप से बचने की सलाह दे रहे हैं। जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. डीएस गुप्ता का कहना है कि शुक्रवार को हीट स्ट्रोक के नौ-दस मरीज इलाज कराने आए। उन्हें ड्रिप लगानी पड़ी। उन्होंने सलाह दी कि डिहाइड्रेशन से बचने के लिए लोग खूब पानी, पना, शिकंजी आदि पिएं। सिर बांधकर ही धूप में निकलें। बाहर रखा हुआ सुबह का खाना दोपहर में न खाएं नहीं तो डायरिया और फूड प्वाइजनिंग हो सकती है।
वहीं, मेडिकल कॉलेज के फिजीशियन डॉ. रजत जैन का कहना है कि दोपहर 12 से तीन बजे तक सर्वाधिक गर्मी रहती है। इस समय जरूरत पर ही घर से बाहर निकलें। यदि निकलना ही है तो छाते का इस्तेमाल करें। सूती, ढीले और हल्के रंग के कपड़े पहनें। पानी की बोतल साथ रखें। ग्लूकोज, फ्रूट जूस, शिकंजी पिएं, ताकि डिहाइड्रेशन न हो। बाहर का खाना, कटे फल आदि न खाएं। फूड प्वाइजनिंग से बचने के लिए गर्म भोजन ही करें।