साधू वेशधारी ने दिनदहाड़े फायरिंग कर फैलाई दहशत
रानीपुर में जमीन पर कब्जा करने के लिए पहुंचा था 12 से अधिक हथियारबंद लोगों के साथ
पुलिस ने दबोचा, खुद को भाजपा के दिग्गजों का करीबी बता रहा आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
मऊरानीपुर (झांसी)। खुद को भाजपा के दिग्गजों का करीबी बताने वाले एक साधू वेशधारी अर्पित दास नाम के युवक ने रानीपुर कस्बे में पांच राउंड फायर कर दहशत फैला दी। वह 12 से अधिक लोगों के साथ वहां एक जमीन पर कब्जा करने की नीयत से गया था। रानीपुर चौकी पुलिस ने सभी आरोपियों को दबोच लिया है। एसएसपी विनोद कुमार सिंह ने सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
रानीपुर कस्बा निवासी बृजलाल कुशवाहा के खेत पर रविवार दोपहर करीब तीन बजे 12 से अधिक लोग पहुंचे, इनमें दो साधू वेश में हैं। ये लोग खेत पर कब्जा करने के लिए उसके परिवार की महिलाओं के साथ अभद्रता करने लगे और विरोध करने पर पांच राउंड फायरिंग कर दी। घटना की जानकारी होने पर रानीपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी आरोपियों को दबोच कर मऊरानीपुर कोतवाली ले गई। हिरासत में आए साधू वेशधारी अर्पित दास ने खुद को भाजपा के दिग्गज नेताओं का करीबी बताते हुए पुलिस को दबाव में लेने का प्रयास किया। लेकिन, पुलिस ने उसकी एक नहीं सुनी। उसने खुद को झांसी के एक प्रमुख मंदिर का पुजारी बताया और एक जनप्रतिनिधि से फोन पर बात कराने के लिए भी पुलिस से कहा, लेकिन सारे प्रयास बेकार गए।
मऊरानीपुर कोतवाल केके पांडेय ने बताया कि अर्पित दास, मोहित, कल्पित, रामनरेश, मदनपाल, जावेद, देवेंद्र सिंह, राजेन्द्र तिवारी, निक्की, आकाश, अशोक, मलखान को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से चार राइफल भी जब्त की गई हैं। सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
कड़ी कार्रवाई होगी
साधू वेशधारी अर्पितदास और उसके साथियों ने रानीपुर कस्बे में जमीन पर कब्जा करने के इरादे से दिनदहाड़े फायरिंग कर वहां दहशत फैलाने का काम किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं। दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विनोद कुमार सिंह, एसएसपी