सीएचसी में जेनरेटर तो है पर चलता नहीं
तालबेहट। कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। यहां सबसे अधिक परेशानी बिजली व्यवस्था की है। परिसर में जेनरेटर तो रखा है, लेकिन वह खराब होने के कारण चलता नहीं। इसके अलावा यहां लगे छह इन्वर्टरों का भी मरीजों एवं चिकित्सकों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। मंगलवार रात में अंधेरा होने से आपातकालीन सेवाओं के अलावा कुपोषण एवं पुनर्वास केंद्र में भर्ती बच्चों को मजबूरी में गंदे फर्श पर लेटना पड़ा।
मंगलवार को मामूली बूंदाबांदी और तेज हवाओं के चलते तालबेहट क्षेत्र की विद्युत लाइन में फाल्ट आ गया था। जिसके चलते पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति दोपहर बाद से ठप हो गई थी। इसके चलते लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी थी। सबसे अधिक परेशानी सीएचसी तालबेहट में आपातकालीन सेवा के समय आए मरीजों एवं कुपोषण एवं पुनर्वास केंद्र में भर्ती मासूमों और उनके तीमारदारों को उठानी पड़ी। जिसके चलते मासूमों को सुरक्षित कमरों के स्थान पर गंदगी से सराबोर बरामदे में लेटाना पड़ा। सवाल यह है कि कुपोषण से ग्रसित इन बच्चों को गंदगी में लेट ने से लाभ की जगह नुकसान अधिक होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। इस पर किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने ध्यान तक देना उचित नहीं समझा। वहीं पुलिस द्वारा चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजे गए लोगों को भी काफी समय इंतजार करना पड़ा। इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. प्रताप सिंह का कहना है कि इस समस्या को लेकर उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक से जानकारी कर समाधान निकाला जाएगा। वहीं, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि जेनरेटर माह में तीन बार खराब हो गया है। सीएचसी में इन्वर्टर लगे है, लेकिन कहां कहां लगे है इस पर वह कोई जवाब तक नहीं दे सकें।