धूल भरी आंधी और बूंदाबांदी से हुई परेशानी
तालबेहट। शनिवार को सुबह से गर्म मौसम का मिजाज दोपहर में यकायक बदल गया। जब तेज गर्म हवाओं के स्थान पर बूंदाबांदी और तेज हवाएं चलने लगी। इससे सबसे अधिक परेशानी उन लोगों को उठानी पड़ी, जिनके यहां विवाह कार्यक्रम हैं। एक सप्ताह से मौसम काफी गर्म था। लेकिन शनिवार को दोपहर दो बजे के लगभग आसमान में बादल छाने लगें। जब तक लोग मौसम के बदले मिजाज को समझ पाते तब तक आसमान से तेज बूंदाबांदी शुरू हो गई। तेज आंधी ने फुटपाथ पर सब्जी बेचने वालों को और सड़क के किनारे सामान सजाने वालों को काफी परेशान किया। तेज हवा से उनका सामान सड़क पर बिखर गया। मौसम के पल-पल बदलने का यह खेल देर रात तक जारी रहा। बेमौसम बारिश से उन लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी, जिनके यहां शादी समारोह है। वहीं, लोगों के अनुसार इस बूंदाबांदी से मौसम में अवश्य कुछ समय के लिए ठंडक आ गई है, परंतु इसका प्रभाव बच्चों और आस्थमा के मरीजों के लिए नुकसान दायक है।