डकैती में दर्ज मुकदमा मारपीट में बदला
ललितपुर। शहर कोतवाली अंतर्गत झरकौन गांव में मछली का शिकार करने जा रहे कारोबारी के साथ मारपीट करने व नकदी व बंदूक लूटने के मामले में पुलिस ने मारपीट व जान से मारने की धमकी की धाराओं में दर्ज कर लिया है। पहले यह मामला डकैती की धाराओं में दर्ज हुआ था, जिसे जांच के दौरान डकैती का मामला न पाए जाने पर तरमीम कर सामान्य धाराओं में दर्ज कर दिया गया।
झरकौन निवासी मुन्नालाल लोधी पुत्र रामदयाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि चार फरवरी को वह बांध से मछली का शिकार कर अपनी लाइसेंसी बंदूक व 24 हजार रुपये की नकदी लेकर आ रहा था। तभी रास्ते में घात लगाए बैठे गांव के कृष्णपाल पुत्र पप्पू यादव, जसवंत पुत्र देव सिंह, महेंद्र पुत्र सुम्मेर सिंह, मेहरवान पुत्र रामनरायन, भैयालाल पुत्र आशाराम व थाना बानपुर के ग्राम टपरियन निवासी ज्ञानी पुत्र लक्ष्मन यादव ने उसका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज कर मारपीट करने लगे। विरोध करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर उसकी जेब में रखे रुपये व बंदूक लूट कर ले गए। पुलिस ने सूचना के आधार पर डकैती की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। जांच के बाद डकैती का मामला न पाए जाने पर मुकदमे को मारपीट करने सहित अन्य धाराओं में तब्दील कर कार्रवाई शुरू कर दी है।