क्रॉस कंट्री रेस में उमा, अभय अव्वल
- बीयू में हुई अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में हुई अंतर महाविद्यालय क्रॉस कंट्री रेस में उमा भारती और अभय सिंह अव्वल रहे। प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
प्रतियोगिता में नेहरू महाविद्यालय ललितपुर, शारदा देवी डिग्री कॉलेज, पीआरडी कॉलेज बांदा, आरपीडीटी कॉलेज तालबेहट, पीजी महिला कॉलेज ललितपुर के साथ ही बुंदेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। महिला वर्ग में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस की उमा भारती प्रथम, पुरुष वर्ग में पीजी महिला महाविद्यालय ललितपुर के अभय सिंह प्रथम रहे। 10 किलोमीटर क्रॉस कंट्री रेस का प्रारंभ तिगेला कोछाभांवर से राधिका वाटिका एवं वहां से वापस तिगेला कोछाभांवर तक किया गया।
अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए महिलाओं में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस की उमा भारती और पूजा भारती के साथ ही पीजी महिला महाविद्यालय ललितपुर की प्रीति, राज कुमारी, शिवा व पूजा का चयन किया गया। पुरुषों में पीजी प्रशिक्षण महाविद्यालय, ललितपुर के अभय सिंह, कृष्ण कुमार, ज्ञान सिंह व राजेश, पीआरके महाविद्यालय बांदा के हेतराम व नेहरू कॉलेज के अंकित तिरोले का चयन किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी सुरेश बोनकर, एसआई शिवशंकर तिवारी मौजूद रहे।