‘हर हर - बम बम’ से गूंजेंगे शिवालय
झांसी। आज सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में ‘हर - हर महादेव’ और ‘हर हर - बम बम’ के जयकारे गूंजेंगे। श्रद्धालु तड़के चार बजे से महादेव के दर्शन और जलाभिषेक को उमड़ेंगे। रुद्री पाठ करेंगे और पार्थिव शिवलिंग निर्माण सहित अन्य धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लेंगे। शिवालयों में तैयारियां कर ली गई हैं।
सावन के महीने में इस बार चार सोमवार पडे़ंगे। धार्मिक मान्यता है कि जो श्रद्धालु सावन के सोमवार में शिव जी की पूजा करता है, भगवान शिव उसकी मनोकामना पूरी करते हैं। इसी कृपा को पाने के लिए पहले सोमवार की सुबह श्रद्धालु शिवालयों में उमडे़ंगे। महानगर के सभी शिवालयों जिनमें प्रमुख रूप से पानी वाली धर्मशाला स्थित हजारिया महादेव मंदिर, दीक्षित बाग स्थित हजारिया महादेव मंदिर, बड़ागांव गेट बाहर स्थित राजा बाबा महाकालेश्वर मंदिर, मढ़िया मुहल्ला स्थित महादेव मंदिर, किला स्थित शिव मंदिर, सिद्धेश्वर मंदिर में जलाभिषेक व धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
महंत विष्णु दत्त स्वामी के अनुसार पहले सोमवार को शुभ योग है और घनिष्ठा नक्षत्र है। कुंभ राशि पर चंद्रमा है, जिनके विवाह में अड़चन है वह सोमवार को शिव परिवार का पूजन अवश्य करें। पूजन में जलाभिषेक करें। गंगाजल, दूध और शहद से अभिषेक करे। ओम नम: शिवाय का जाप करे और बेलपत्र, धतूरा व आक के फूल अर्पित करे।
राम नाम लिखकर बेलपत्र चढ़ायें
सोमवार को कुंभ, मकर, मेष राशि वाले बेलपत्र पर राम नाम लिखकर भगवान शिव को अर्पित करें। वृष, मिथुन, कर्क राशि वाले सतनजा यानि जौ, चना, बाजरा, कर्णिका, सरसों, गेहूं और चावल अर्पित करें। सिंह, कन्या, तुला, वृश्चिक राशि वाले गन्ना के रस से पूजा करें। धनु व मकर राशि वाले शहद अर्पित करें। इससे भगवान शिव की कृपा रहेगी।
जरूरत पर नि:शुल्क मिलेगी पूजन सामग्री
अगर किसी श्रद्धालु के पास पूजन सामग्री नहीं है, तो उसे मंदिर के प्रबंधक, पुजारी या सेवक पूजन सामग्री उपलब्ध करायेंगे। श्री सिद्धेश्वर मंदिर के आचार्य हरीओम पाठक, मढ़िया महादेव मंदिर पुजारी रामेश्वर प्रसाद उपाध्याय के मुताबिक कई श्रद्धालु बाहर से आते हैं, जो पूजन सामग्री नहीं जुटा पाते हैं। अगर किसी श्रद्धालु को पूजन सामग्री की जरूरत है, तो वह नि:शुल्क प्रदान की जाएगी।
यह हैं सावन के सोमवार की तिथियां
पहला सोमवार 30 जुलाई, दूसरा सोमवार 6 अगस्त, तीसरा सोमवार 13 और चौथा सोमवार 20 अगस्त को है। रक्षाबंधन 26 अगस्त को सावन का समापन होगा।
पांच हजार पार्थिव शिवलिंग बनाए
श्री चांदमारी हनुमान मंदिर सीपरी बाजार में चल रहे पार्थिव शिवलिंग निर्माण पूजन में श्रद्धालुओं ने रविवार को पांच हजार पार्थिव शिवलिंग बनाए। पूजन विजय शास्त्री ने किया। रुद्राभिषेक आकांक्षा चंगानी, राधा चंगानी, नीतू श्रीवास्तव, दीप्ति साहू, गीता जायसवाल, मोहिनी द्विवेदी, अमित दुबे, विजित कपूर ने किया। संचालन राकेश महाराज ने किया।
आज के कार्यक्रम
दोपहर 12 बजे: क्षत्रिय कलचुरी कलवार महासंघ एवं युवा शक्ति संगठन द्वारा किला स्थित श्री शिव मंदिर में रुद्राभिषेक।
दोपहर 1 बजे: श्रावण मास समारोह महासमिति द्वारा फूटा चौपड़ा स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर में महारुद्राभिषेक।