पीजीडीसीए व नेटवर्किंग में घटी रुचि
- राजकीय पॉलिटेक्निक में 87 सीटें रिक्त
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। राजकीय पॉलिटेक्निक में चल रहे एक साल के पोस्ट ग्रेज्युएट डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (पीजीडीसीए) व हार्डवेयर एंड नेटवर्किंग ब्रांच में छात्र-छात्राओं की रुचि कम हो रही है। यही कारण है कि दोनों ब्रांच की 120 सीटों में से 87 सीटें अभी तक खाली हैं। अब 17 जुलाई को काउंसलिंग होगी।
पॉलिटेक्निक में संचालित होने वाले दोनों कोर्स एक साल के हैं। पिछले सालों में पीजीडीसीए और हार्डवेयर एंड नेटवर्किंग में प्रवेश के लिए मारामारी रहती थी। लेकिन, अब इसमें छात्रों की रुचि कम हो गई है। 2018-19 के सत्र में प्रवेश के लिए दोनों ब्रांच में 120 सीटें हैं, जिसमें से नेटवर्किंग में 60 सीटों में सिर्फ चार सीटों पर ही प्रवेश हुए हैं तथा पीजीडीसीए में 31 छात्रों ने प्रवेश में दिललचस्पी ली। प्रधानाचार्य एसके यादव ने बताया कि दोनों कोर्स में गिरावट आई है।
दूसरी ओर ए ग्रुप ट्रेड सिविल, इल्रेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रानिक्स, मैकेनिकल ऑटो, मैकेनिकल प्रोडक्शन में 300 सीटें हैं। सभी सीटें काउंसलिंग में छात्र-छात्राओं ने फ्रीज कर दीं हैं। लेकिन, दिव्यांग कोटे में 25 सीटों में मात्र चार पर ही प्रवेश हुए हैं, जबकि 21 सीटें खाली हैं। प्रधानाचार्य ने बताया कि 17 जुलाई को स्पॉट काउंसलिंग होगी। 18 जुलाई को रजिस्ट्रेशन, काउंसलिंग होगी। एडमीशन प्रक्रिया पूरी करने बाद सीटें रिक्त रहने पर दूसरी काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन होंगे।