माहौल बिगाड़ने की कोशिश नाकाम, पुलिस सतर्क
धार्मिक स्थल के पास मिले घायल बछड़े, रिपोर्ट दर्ज
बड़ागांव गेट अंदर बाहर की घटना, नजर रखी जा रही
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को एक धार्मिक स्थल के पास घायल बछड़े देख वहां भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। तरह-तरह की अफवाह के बीच जिलाधिकारी कर्ण सिंह चौहान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और बछड़ों को पशु चिकित्सालय भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम में मामला दर्ज कर लिया है।
सुबह लगभग 5 बजे लोगों ने देखा कि खून से लथपथ बछड़े छटपटा रहे हैं। किसी ने कहा कि बछड़ों को जानबूझ कर काट कर फेंका गया है ताकि तनाव पैदा हो जाए। कुछ लोग इसे निकाय चुनाव के दौरान वोटों की गणित से जोड़ने लगे। अच्छी बात यह रही कि जिलाधिकारी भारी पुलिस के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गए और वहां मौजूद लोगों को भरोसा दिलाया कि यदि किसी ने यह हरकत की है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बछड़ों को इलाइट चौराहे के पास स्थित पशु चिकित्सालय भिजवाया गया जहां उनका इलाज किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि किसी सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की है। ऐसा करने वालों का पता लगाया जा रहा है। पशु चिकित्सक डा. धीरेंद्र निरंजन का कहना है कि ऐसा लगता है कि बछड़ों पर किसी बड़े जानवर ने हमला किया है और इसी कारण वे जख्मी हुए हैं।
इलाके में दिखी एकता, दिया संदेश
सूझबूझ से टल गया बड़ा मामला
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। चुनाव से ठीक एक दिन पहले अमनचैन की बिगाड़ने की कोशिश को इलाके समझदार लोगों ने नाकाम कर दिया। सबने आपस में बातचीत कर तय किया कि किसी भी कीमत पर असामाजिक तत्वों के मंसूबे कामयाब नहीं होने देंगे।
जिस स्थान पर घटना हुई, उससे चंद कदम पर मंदिर और कुछ दूर पर मस्जिद है। खून से लथपथ बछड़े मिलने के बाद लोगों का गुस्सा पैदा होने लगा था, लेकिन हर वर्ग के लोग आपस में मिले और तय किया कि अमनचैन नहीं बिगड़ने देंगे। एकता की मिसाल दिखी। मंदिर के पुजारी शंकर लाल सिनौरिया ने कहा कि आज तक कभी यहां का माहौल नहीं बिगड़ा है और न ही बिगड़ने देंगे। बुजुर्ग रफीक शाह ने कहा कि कोई भी हमारी एकता को झटका नहीं दे सकता। सब मिलजुल कर रहते हैं और रहेंगे।