नुक्कड़ नाटक से गंदगी फैलाने वालों पर कसा व्यंग्य
- आर्मी स्कूल के बच्चों ने सफाई के लिए प्रेरित किया
अमर उजाला ब्यूरो
बबीना।
आर्मी स्कूल के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक कौन बनेगा स्वच्छता श्री से गंदगी फैलाने वालों पर व्यंग्य कसते हुए लोगों को साफ-सफाई रखने के लिए प्रेरित किया। बच्चों के साथ स्कूल स्टाफ ने जागरूकता रैली निकाली।
कैंट क्षेत्र में निकली रैली का शुभारंभ प्रधानाचार्य डिंपल शेखावत ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान बिना जन भागीदारी के सफल नहीं हो सकता। देश में बीमारियां फैलने का एक बड़ा कारण गंदगी है। उन्होंने पॉलिथीन का परित्याग करने की भी अपील की। रैली में छात्र-छात्राओं ने- आर्मी स्कूल का यह संदेश, स्वच्छ रहे हमारा देश, स्वच्छ बनाओ-स्वच्छ बनाओ, अपना बबीना स्वच्छ बनाओ, स्वच्छ भारत का जन अभियान, जाग रहा है हिंदुस्तान, के नारे लगाए। वहीं, नुक्कड़ नाटक में नीरज सिंह, शिवांगी सिंह, यशराज किशोर, रैना सिंह, मोसेस यादव, अंशु जायसवाल और कोमल प्रीत कौर ने अभिनय किया। बाद में सभी ने साफ-सफाई करते हुए स्वच्छता बनाए रखने की शपथ ली। आभार छात्रा संजना शर्मा ने व्यक्त किया।