----
वॉलीबॉल में झांसी ने ग्वालियर को हराया
सब हेड: केंद्रीय विद्यालय बबीना में खेलकूद प्रतियोगिता शुरू
क्रासर
कबड्डी में करौली ने दी ग्वालियर को पटकनी
अमर उजाला ब्यूरो
बबीना।
कस्बा के केन्द्रीय विद्यालय में तीन दिवसीय संभागीय खेल प्रतियोगिता शुरू हो गई है। उद्घाटन मैच में वॉलीबॉल ग्वालियर और झांसी के बीच खेला गया। इसमें झांसी ने जीत दर्ज की। वहीं दूसरे सत्र में ग्वालियर और करौली के बीच कबड्डी प्रतियोगिता हुई, इसमें करौली ने ग्वालियर की टीम को परास्त किया।
मुख्य अतिथि प्रबंध समिति के अध्यक्ष कर्नल सुनील सचान रहे, उन्होंने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। प्रतियोगिता के शुभारंभ के बाद प्राचार्य आरके शर्मा ने अतिथियों का स्वागत पुष्प गुच्छ देकर किया। स्पोर्ट्स फ्लैग लहराकर शपथ ली गई। शपथ के बाद विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, योगाभ्यास, गुजराती नृत्य एवं ऐरोबिक्स की सुंदर प्रस्तुति की, जिसे सभी ने खूब सराहा। इसके बाद आगरा संभाग के विभिन्न केन्द्रीय विद्यालयों से आए 344 प्रतिभागियों व उनके संरक्षकों, निर्णायकों, रेफरी की उपस्थिति में कबड्डी, वॉलीबॉल व बाक्सिंग की प्रतियोगिताएं शुरू हुईं। संचालन आमिर हुसैन ने किया।