फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झांसी में टीके का टोटा: हर टीकाकरण सेंटर पर मिला एक ही जवाब...वैक्सीन नहीं है, कल आना

विज्ञापन
विज्ञापन
झांसी। झांसी में टीके का टोटा दूर नहीं हो पा रहा है। सोमवार को शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोग खुशी-खुशी वैक्सीन लगवाने पहुंचे थे मगर फिर लोगों को टीकाकरण केंद्रों से मायूस होकर लौटना पड़ा। हालात ये रहे कि तमाम केंद्रों पर कुछ ही घंटे टीकाकरण कार्यक्रम चल सका। केंद्र पर खुशी-खुशी टीका लगवाने पहुंचे लोगों को जब टीका खत्म होने की जानकारी मिली, तो चेहरे मुरझा गए। बताया जाता है कि स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण के लिए 15 हजार वैक्सीन की मांग की थी, लेकिन टीके कम मिलने से संकट खड़ा हो गया।
विज्ञापन

एक तरफ डेल्टा प्लस वेरिएंट का खतरा मंडरा रहा है, दूसरी तरफ वैक्सीन का टोटा लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनकर सामने आने लगा है। शनिवार को झांसी में टीके की कमी महसूस हुई थी। सूत्रों ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने 15 हजार वैक्सीन की मांग की थी, मगर रविवार को जालौन के कोटे से पांच हजार वैक्सीन झांसी को दिला दी गईं। जबकि, शासन ने जिले में रोज दस हजार वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित कर रखा है। सोमवार को स्वास्थ्य केंद्रों में कुछ ही घंटों में टीके खत्म हो गए। इस दौरान एक हजार से ज्यादा लोग बिना टीका लगवाए बैरंग लौट गए। कई स्वास्थ्य केंद्रों पर त्वरित पंजीकरण भी बंद रहे। स्लॉट बुक कराने वाले कई लोगों को भी वैक्सीन नहीं लग पाई।
4000 कोवैक्सीन हुईं एलॉट, कोवीशील्ड नहीं मिली
मंगलवार को टीकाकरण को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। सोमवार देर रात तक झांसी में वैक्सीन नहीं आई। बताया गया कि चार हजार कोवैक्सीन आवंटित हुई हैं, इन्हें भी दूसरी डोज वाले लोगों को लगाना होगा। इसके लिए अपर निदेशक कार्यालय से वैन लखनऊ भेज दी गई है। हालांकि, देर रात तक शासन स्तर से कोवीशील्ड का आवंटन नहीं किया गया। अधिकारियों का कहना है कि यदि कोवैक्सीन के साथ कोवीशील्ड भी भेज दी जाएगी तो दोनों वैक्सीन लगाई जाएंगी। यदि नहीं मिलेगी तो टीकाकरण नहीं हो पाएगा।
विज्ञापन

चिरगांव में हुई दिक्कत
चिरगांव। महानगर के साथ देहात क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों पर भी टीके की किल्लत रही। चिरगांव में दोपहर करीब तीन बजे वैक्सीन खत्म हो जाने से लोगों का टीकाकरण नहीं हो पाया। यहां महज 428 लोगों का टीकाकरण हो सका। स्वास्थ्य विभाग के बीपीएम आशीष बिदुआ ने बताया कि सोमवार को चिरगांव, सिमथरी, रामनगर, अम्मरगढ़ में कैंप लगाया गया, जिसमें 428 लोगों का वैक्सीनेशन किया गया। वहीं, वैक्सीन खत्म होने की वजह से लोगों को परेशानी हुई है, जिसे जल्द ही दूर किया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज में वैक्सीन लगवाने आया हूं। दूसरी डोज का मैसेज गया था। अब मैं पत्नी के साथ लगवाने आया हूं। मना कर रहे। 10 से 11 बज गए हैं। कोई नहीं लगा रहा। - आशुतोष मिश्रा, सीपरी बाजार।
केंद्र पर 45 से ऊपर वालों को वैक्सीन लग ही नहीं रही है। कर रहे हैं कि ऑनलाइन स्पॉट पंजीकरण नहीं किया जा रहा है। अब स्टाफ मंगलवार को आने की बात कह रहा है। - मलखान सिंह, प्रेमनगर।
पति संग महिला अस्पताल में वैक्सीन लगवाने आई हूं। यहां पर कर्मचारी वैक्सीन खत्म हो जाने की बात कहते हुए ऑनस्पॉट पंजीकरण नहीं कर रहे हैं। कल आने को कहा है। - मीता गुप्ता, मिशन कंपाउंड।
चांद दरवाजा स्वास्थ्य केंद्र में दूसरी डोज लगवाने आया हूं। स्टाफ कह रहा है कि वैक्सीन खत्म हो गई है, इसलिए आज नहीं लगेगी। अब मंगलवार को सुबह 10 बजे आने को बोला है। - महेंद्र, पठौरिया।
शनिवार को 11:30 बजे चांद दरवाजा में वैक्सीन लगवाने आई थी मगर लौटा दिया गया। सोमवार को फिर वैक्सीन खत्म होने पर यहां से जा रही हूं। पता नहीं अब कम वैक्सीन लग पाएगी। - अनीता, नई बस्ती।
कोरोना के नए वेरिएंट शिवपुरी तक आ चुका है। इस कारण वैक्सीन लगवाने के लिए आई थी। मगर स्वास्थ्य केंद्र पर वैक्सीन ही नहीं बची है। अब बिना टीका लगवाए लौट रही हूं। - पायल, खजूरबाग।
विज्ञापन

जल्द ही पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन मिल जाएगी। पहले की तरह ही सुचारु रूप से टीकाकरण होगा। - डॉ. रविशंकर, जिला टीकाकरण अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें