अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में पिछली बार की तुलना में इस वर्ष 15 हजार विद्यार्थियों का छात्रांकन कम है। पहले अप्रैल और अब जुलाई में स्कूल चलो अभियान चलाए गए के बावजूद 19 हजार विद्यार्थियों के ही नव प्रवेश हो सके हैं। जबकि, पिछले साल 23 हजार से अधिक विद्यार्थियों के प्रवेश हुए थे।
जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग के 1452 स्कूल संचालित हैं। पिछले साल इन स्कूलों में 126327 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत थे। इस साल नए सत्र की शुरुआत के साथ ही एक से 15 अप्रैल तक स्कूल चलो अभियान का पहला चरण शुरू हुआ था। इस दौरान 3986 छात्र-छात्राओं के नव प्रवेश हुए थे। जबकि, एक से 15 जुलाई तक स्कूल चलो अभियान का दूसरा चरण आयोजित हुआ। इस दौरान 15282 छात्र-छात्राओं के नए प्रवेश हुए। ऐसे में अभियान के दोनों चरणों को मिलाकर कुल 19268 नव प्रवेश हुए हैं। जबकि, कुल 108570 छात्र-छात्राओं के प्रवेश हो चुके हैं।
हर विद्यालय में कम से कम हो 50 छात्रांकन: बीएसए
बीएसए विपुल शिव सागर का कहना है कि नामांकन बढ़ाने के लिए सभी बेसिक स्कूलों के प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर दिया गया है। प्रधानाचार्यों को विद्यालय में कम से कम 50 विद्यार्थियों का नामांकन करवाने के निर्देश दिए हैं। इससे कम नामांकन पर विद्यालय को नजदीकी स्कूल में विलय कर दिया जाएगा। साथ ही प्री प्राइमरी में भी नामांकन करवाने के निर्देश दिए गए हैं। अभी भी प्रवेश प्रक्रिया जारी है। ऐसे में आने वाले समय में विद्यार्थियों के प्रवेश और बढ़ेंगे।