घिसौली मेें बनेगा मिनी स्टेडियम
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
अब गांवों की खेल प्रतिभाओं को खेल में अपना हुनर दिखाने के लिए शहर का रुख नहीं करना पड़ेगा। उनके लिए गांव में ही मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा। इस कड़ी में बबीना ब्लाक के घिसौली गांव में मिनी स्टेडियम के लिए जमीन चिह्नित की गई है। अब इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी।
युवा कल्याण विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ‘पायका’ योजना संचालित की जा रही थी। इसमें ग्राम पंचायत स्तर पर खेल के मैदान बनाने का प्रावधान था। इसके अंतर्गत 103 खेल के छोटे मैदान बनाए गए थे। लेकिन, अब इसे बंद करके ‘खेलो इंडिया’ योजना शुरू की गई है। इसमें छोटे गांवों के स्थान पर ब्लाक स्तर पर मिनी स्टेडियम बनाने का प्रावधान किया गया है। मिनी स्टेडियम इस तरह से बनाए जाने हैं, ताकि उसमें इंडोर और आउटडोर दोनों तरह के खेल हो सकें। यही नहीं, किसी विशेष खेल के स्थान पर कई तरह के खेल शुरू करने का प्रावधान किया गया है।
योजना के अंतर्गत बबीना ब्लाक के घिसौली गांव में 25 हेक्टेयर जमीन खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत चयनित कर ली गई है। इस पर बहुउद्देशीय खेल मैदान बनाया जाएगा, जिस पर टेबल टेनिस, बैडमिंटन, जिमनास्टिक, कुश्ती, भारोत्तोलन, कबड्डी, हॉकी और बालीवाल खेल होंगे। खेल का मैदान बनाने पर आठ करोड़ रुपये खर्च होंगे।
अब डीपीआर बनेगी
जमीन चयन करने के बाद अब स्टेडियम का डीपीआर बनाया जाएगा। इसके बाद इसे स्वीकृति के लिए शासन को भेजेंगे। उम्मीद है कि छह महीने में सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी।
- धर्मेंद्र कुमार
जिला युवा कल्याण अधिकारी