शहर में खुलेंगे दो और अनारक्षित काउंटर
- महानगर में अभी सात जगह हो रहा संचालन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
यात्रियों की सुविधा के लिए जल्द ही शहर के दो और स्थानों पर अनारक्षित टिकट काउंटर खुलने जा रहे हैं। लॉटरी सिस्टम से काउंटर खोलने के लिए सहमति बन गई है। यह काउंटर जीवनशाह और बीकेडी पर खुलेंगे।
शहर में अभी सात जगह अनारक्षित टिकट काउंटर संचालित हैं। इनमें दो स्टेशन रोड, दो इलाहाबाद बैंक चौराहा रोड, एक चित्रा चौराहा, एक कचहरी चौराहा और एक कोतवाली क्षेत्र में खुला है। इन काउंटरों के संचालित होने से लोगों को रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर टिकट लेने के लिए मशक्कत नहीं करनी पड़ती। पिछले साल जीवनशाह और बीकेडी पर काउंटर खुलवाने के लिए टेंडर मांगे गए थे। जीवनशाह के लिए दो और बीकेडी के लिए तीन लोगों ने टेंडर डाले। साल भर प्रक्रिया पूरी होती रही। जांच में सभी के प्रपत्र सही निकले। रेल प्रशासन ने लॉटरी सिस्टम पर सहमति बनवाई। इस प्रक्रिया से जीवनशाह पर संतराम और बीकेडी पर निधि रैकवार का ठेका मिल गया।