जुलाई में दिल खोलकर बरसे मेघा
- महीने पूरा नहीं हुआ और औसत से ज्यादा हुई वर्षा
- जून में बेहद कम बारिश से सूखे की थी आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जुलाई में इस बार दिल खोलकर मेघा बरसे हैं। महीना अभी पूरा भी नहीं हुआ है और औसत ज्यादा बारिश हो चुकी है। पिछले दस दिनों में ही 250 मिलीमीटर पानी गिरा है। फसलों को भरपूर पानी मिल रहा है, इससे अच्छा उत्पादन मिलने की संभावना है।
जिले में जून में औसतन 73.3 और जुलाई में 296.4 मिलीमीटर बरसात होती है। इस साल जून ने बहुत निराश किया था और लगभग 40 मिलीमीटर वर्षा हुई थी, जो कि औसत से 33 मिलीमीटर कम है। जून के बाद सबकी निगाह जुलाई पर टिकी थीं। जुलाई के शुरूआती सप्ताह में बारिश नहीं होने के कारण जनपद में सूखा पड़ने की आशंका हो गई। दूसरे सप्ताह में भी सामान्य बरसात हुई, इससे आमजन और किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें पड़ने लगीं। 17 जुलाई तक कुल 50 मिलीमीटर ही वर्षा हुई। 18 जुलाई से मौसम की तस्वीर बिल्कुल बदल गई। लगातार झमाझम बरसात होने से लोगों को गर्मी और उमस से लोगों को राहत तो मिली ही साथ ही पिछले दस दिनों में लगभग 250 मिलीमीटर वर्षा हो गई। मौसम वैज्ञानिक डॉ. मुकेश चंद्र ने बताया कि अब तक जुलाई में कुल 300 मिलीमीटर बरसात हो चुकी है।
बॉक्स..
कहीं ठीक, कहीं नुकसानदेह
झमाझम बरसात से खेतों को भरपूर पानी मिल रहा है। कुछ फसलों के लिए ज्यादा पानी नुकसानदेह साबित होता है, जबकि कुछ के लिए फायदेमंद। इस सीजन में जनपद में तिल, मूंगफली, सोयाबीन, अरहर, मूंग और उड़द की फसल बोई जाती है। जिन किसानों ने इन फसलों की बुवाई की है, वो खेत में जलभराव न होने दें। वरना फसल खराब हो सकती है। जबकि, चावल के लिए ये पानी काफी अच्छा है। किसानों को जल संरक्षण भी करना चाहिए, ताकि भविष्य में जरूरत पर सिंचाई के लिए पानी की कमी न हो पाए।
पिछले दस दिनों में इतनी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 18 जुलाई को जिले में 20 मिलीमीटर बारिश हुई है। वहीं, 19 जुलाई को 50, 20 को 15, 21 को शून्य, 22 को 75, 23 को 20, 24 को 9, 25 को 11, 26 को 45, 27 को 4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है।